जेडी वेंस की पत्नी उषा ने बेटे को दिया जन्म, 156 साल में पहली बार पद पर रहते हुए उपराष्ट्रपति बने पिता
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। यह दंपत्ति चौथी बार माता-पिता बना है। रविवार को उषा वेंस ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम एलेक नील वेंस रखा गया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस के घर चौथे बच्चे का आगमन हुआ है। दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि उषा ने एक बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम एलेक नील वेंस रखा गया है। दंपति के अनुसार, उषा और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
यह एक नया इतिहास रच दिया है। जेडी वेंस बीते 156 वर्षों में अमेरिका के पहले ऐसे उपराष्ट्रपति बन गए हैं, जो पद पर रहते हुए पिता बने हैं। वेंस दंपति के पहले से तीन बच्चे हैं। सबसे बसे बड़ा बेटा इवान 9 वर्ष, दूसरा बेटा विवेक 6 वर्ष और बेटी मिराबेल 4 वर्ष। छोटे भाई के आने से परिवार में खुशी का माहौल है।
व्हाइट हाउस और मेडिकल टीम का जताया आभार
जेडी और उषा वेंस ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने प्रशंसकों के साथ यह खुशखबरी साझा की। उन्होंने वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर के डॉक्टरों, नर्सों और पूरे मेडिकल स्टाफ के साथ-साथ व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
1870 के बाद पहला अवसर
व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन के अनुसार, अमेरिका में राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए बच्चे का जन्म होना बेहद दुर्लभ है। इससे पहले 1870 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स के कार्यकाल के दौरान उनके बेटे का जन्म हुआ था। वहीं, 1829 में उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहून के घर भी पद पर रहते हुए संतान का जन्म हुआ था।
41 वर्षीय जेडी वेंस लंबे समय से अमेरिका में घटती जन्म दर को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। 2025 में 'मार्च फॉर लाइफ' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि वह चाहते हैं कि अमेरिका में अधिक बच्चों का जन्म हो। वेंस ने यह भी साझा किया था कि उनके करीबी दोस्त चार्ली किर्क की हत्या के बाद उन्होंने और उषा ने चौथे बच्चे को दुनिया में लाने का फैसला लिया था।
ट्रंप प्रशासन में नए मेहमानों की आमद
भारतीय मूल के माता-पिता की 40 वर्षीया बेटी उषा वेंस की गर्भावस्था की घोषणा जनवरी में हुई थी, जिसके बाद से ही यह विषय चर्चा में था। गौरतलब है कि हाल के महीनों में ट्रंप प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के घर भी खुशियां आई हैं, जिनमें व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट शामिल हैं।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 20 July 2026 at 11:52 IST