अपडेटेड 26 October 2025 at 07:01 IST
कई देशों में तबाही मचाएगा भयंकर चक्रवाती तूफान Melissa, जमैका में हाई अलर्ट जारी, सभी एयरपोर्ट बंद; कितना खतरनाक है ये साइक्लोन?
Tropical Storm Melissa: विकराल रूप लेकर ट्रापिकल तूफान मेलिसा जमैका की ओर बढ़ रहा है। यह आने वाले दिनों में कई देशों में तबाही मचा सकता है। इस तूफान को देखते हुए जमैका हाई अलर्ट पर है। यहां सभी एयरपोर्ट भी बंद कर दिए गए।
Tropical Storm Melissa: कैरेबियन सागर में आया धीमी गति वाला समुद्री तूफान मेलिसा से कई देशों में तबाही की आशंका है। फिलहाल इस तूफान की स्पीड तो बेहद धीमी है, लेकिन यही धीमी गति इसे और खतरनाक बना रही है। तूफान मेलिसा अब जमैका के नजदीक आ गया है, जिससे वहां पर हाई अलर्ट है। वहां सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। साथ ही विनाशकारी बाढ़ की भी आशंका जताई गई है.
अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र (NHC) के मुताबिक यह तूफान जल्द हरिकेन में तब्दील हो सकता है और विकराल रूप लेने के लिए तैयार है। तूफान 30 अक्टूबर तक एक्टिव रहेगा। इसकी चपेट में जमैका, क्यूबा, बाहमास, अमेरिका, डोमिनिक गणराज्य जैसे देश आ सकते हैं।
जमैका में भारी बाढ़ और बाढ़ का अलर्ट
जमैका में तूफान के चलते विनाशकारी हवाओं और भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे वहां बाढ़ आने की आशंका है और कई भूस्खलन भी हो सकते हैं। जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस ने मेलिसा तूफान के रूप में आ रही तबाही को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। उन्होंने एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि तेजी से बढ़ता यह तूफान जमैका और दक्षिणी हिस्पानियोला में भयंकर बाढ़, भूस्खलन और तूफानी लहरों की वजह बन सकता है। सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं, अब तैयारी का समय है।
उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही होल्नेस ने किंग्स्टन के पोर्ट रायल जैसे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। जमैका में तूफान को देखते हुए स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे तक सभी एयरपोर्ट भी बंद कर दिए गए हैं।
इन देशों में भी मचा सकता है तबाही
अबतक मिली जानकारी के अनुसार तूफान मेलिसा 26-27 अक्टूबर को जमैका के पास से या ऊपर से गुजरेगा। वहीं, जमैका के बाद यह तूफान पूर्वी दिशा में बढ़ेगा और इसके बाद 28-29 अक्टूबर को क्यूबा और बहामास में लैंडफॉल करेगा। इन दोनों देशों में तूफान के चलते 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बाढ़ आने की भी संभावना है।
मेलिसा तूफान बरमूडा के लिए भी खतरा बन सकता है। यह अटलांटिक महासागर की तरफ जाएगा और बरमूडा में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। वहां इससे भारी बारिश होने के आसार हैं। तूफान के चलते हैती के दक्षिणी हिस्सों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। वहीं, तूफान के असर की वजह से डोमिनिकन गणराज्य में भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती है। अमेरिका के फ्लोरिडा में भी भारी बारिश संभव है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 26 October 2025 at 07:01 IST