ISIS Commandar Death: कौन था ISIS का कमांडर अबू-बिलाल, जिसे अमेरिका ने कर दिया ढेर? बनाना चाहता था इस्लामिक दुनिया
ISIS Commandar Abu Bilal Al Minuki: अमेरिका और नाइजीरिया की संयुक्त कार्रवाई में ISIS के बड़े कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी के मारे जाने का दावा किया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे बड़ी सफलता बताया।
ISIS Commandar Death: अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ISIS के वैश्विक नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए उसके शीर्ष कमांडरों में शामिल अबू-बिलाल अल-मिनुकी को नाइजीरिया में मार गिराया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि अबू-बिलाल दुनिया के सबसे सक्रिय और खतरनाक आतंकियों में शामिल था। ट्रंप के मुताबिक, यह कार्रवाई अमेरिकी सेना और नाइजीरियाई सुरक्षा बलों ने मिलकर की।
चीन दौरे से लौटने के बाद ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह ऑपरेशन बेहद गुप्त और कठिन था, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों को अबू-बिलाल की हर गतिविधि की जानकारी मिल रही थी। उन्होंने कहा कि अब वह अफ्रीका के लोगों में डर नहीं फैला पाएगा और न ही अमेरिकियों के खिलाफ आतंकी साजिश रच सकेगा।
कौन था अबू-बिलाल अल-मिनुकी?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी को ISIS का वैश्विक स्तर पर दूसरे नंबर का कमांडर माना जाता था। उसका दूसरा नाम अबू बक्र इब्न मोहम्मद इब्न अली अल-मैनुकी भी बताया जाता है। वह लंबे समय से अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में सक्रिय था और ISIS के पश्चिम अफ्रीकी संगठन ISWAP यानी इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस का प्रमुख चेहरा माना जाता था।
साहेल क्षेत्र अफ्रीका का बड़ा और संवेदनशील इलाका है, जो अटलांटिक महासागर से लेकर लाल सागर तक फैला हुआ है। इसमें नाइजीरिया, नाइजर, माली, चाड, सूडान और बुर्किना फासो जैसे कई देश शामिल हैं। पिछले कुछ वर्षों में यह इलाका आतंकी गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन गया था।
ISIS के नेटवर्क को पहुंचा बड़ा झटका
रिपोर्ट्स के अनुसार अबू-बिलाल लेक चाड क्षेत्र में ISIS के कई ऑपरेशन्स को संभालता था। वह अलग-अलग आतंकी समूहों तक हथियार, पैसा और रणनीतिक निर्देश पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता था। अमेरिकी एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने जून 2023 में उसे “स्पेशली डिजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट” घोषित किया था। अमेरिका का मानना था कि वह अफ्रीका में ISIS का प्रभाव बढ़ाकर शरीयत आधारित कट्टर इस्लामिक शासन स्थापित करना चाहता था।
ट्रंप ने नाइजीरिया सरकार को कहा धन्यवाद
ट्रंप ने अपने बयान में नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन दोनों देशों के सहयोग का बड़ा उदाहरण है। ट्रंप के मुताबिक इस कार्रवाई से ISIS के वैश्विक नेटवर्क को गंभीर नुकसान पहुंचा है और आने वाले समय में इसके असर दिखाई देंगे।
हाल के वर्षों में अफ्रीका में ISIS और उससे जुड़े संगठनों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी थीं। खासतौर पर नाइजीरिया और आसपास के देशों में आतंकी हमलों में इजाफा देखने को मिला था। ऐसे में अबू-बिलाल की मौत को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 16 May 2026 at 12:10 IST