Israel-Iran War: होर्मुज नाकेबंदी के प्लानर और IRGC नौसेना चीफ Alireza Tangsiri को इजरायल ने किया ढेर, अब हुई पुष्टि, ईरान को कितना बड़ा झटका?

Israel-Iran war: ईरान ने अपनी रिवोल्यूशनरी गार्ड नौसेना प्रमुख अलरीज तंगसिरी की मौत की पुष्टि कर दी है। इजरायल ने 26 मार्च को ही उनके मारे जाने का दावा कर दिया था।

IRGC नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसीरी की मौत | Image: X

US-Israel-Iran war news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग को एक महीना हो गया। इजरायल के भीषण हमले में IRGC नौसेना के प्रमुख अलीरेजा तंगसिरी की मारे जा चुके हैं। इजरायल ने तो उनकी मौत का दावा कई दिन पहले ही कर दिया था। अब उनकी मौत के दावे की ईरान ने भी पुष्टि कर दी है।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सोमवार (30 मार्च) को एक बयान जारी कर स्वीकार किया कि उनके नौसेना कमांडर अलीरेजा तंगसिरी गंभीर रूप से घायल होने के कारण शहीद हो गए और अल्लाह की राह में शामिल हो गए।

बयान में चेतावनी भी दी

बयान में उनके योगदान को भी सराहा गया और कहा कि उन्होंने खासतौर पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान की पकड़ बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई थी। बयान में यह भी कहा गया कि हर लड़ाका एक तंगसिरी है और आने वाले दिनों व महीनों में दुनिया को उनके जैसे और भी हैरान कर देने वाले कदम देखने को मिल सकते हैं। इस टिप्पणी को क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच एक कड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

कौन थे अलीरेजा तंगसिरी?

अलीरेजा तंगसिरी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना (IRGC Navy) के कमांडर थे। तंगसिरी ईरान-इराक युद्ध (1980-1988) में नौसैनिक ब्रिगेड कमांडर के रूप में सक्रिय रहे थे। उन्होंने उस दौरान और 1980 के दशक के "टैंकर वॉर" (खाड़ी में टैंकरों पर हमलों) में भी भूमिका निभाई। बाद में वे IRGC नेवी के विभिन्न पदों पर रहे, जिसमें बंदर अब्बास स्थित 1st Naval District की कमान भी शामिल थी।

अगस्त 2018 में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई ने उन्हें IRGC नेवी का कमांडर नियुक्त किया था। फरवरी 2026 में युद्ध शुरू होने के बाद उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) को लगभग पूरी तरह बंद करने का प्लान किया। उनके नेतृत्व में IRGC नेवी ने ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए, विदेशी जहाजों को रोका और निगरानी की। इसके चलते होर्मुज से तेल टैंकर ट्रैफिक में भारी कमी आई, जिससे वैश्विक तेल कीमतें बढ़ीं और आर्थिक दबाव पड़ा। वे खुद होर्मुज क्षेत्र में युद्धाभ्यास की निगरानी करते थे। इजरायली मीडिया और अधिकारियों ने उन्हें होर्मुज को बंद करने का मास्टरमाइंड बताया।

नेतन्याहू ने 5 दिन पहले किया था दावा 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार (26 मार्च) को दावा किया था कि उनके हवाई हमले में IRGC की नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसीरी मारे गए। इजरायली अधिकारी के अनुसार, यह हमला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास किया गया था। ईरान ने इस जलडमरूमध्य को जहाजों के आवागमन के लिए पहले ही बंद कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तंगसिरी को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने की जिम्मेदारी दी गई थी। ईरान के पास दो नौसेना है। एक ईरानी सरकार की नौसेना और दूसरी IRGC की नौसेना।

ईरान ने दी धमकी

जंग के बीच ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता ने रविवार (29 मार्च) को चेतावनी देते हुए कहा कि अब अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के निजी आवासों को भी निशाना बनाया जाएगा। यह धमकी इजराइल और पश्चिम एशिया में रह रहे अमेरिकी और इजराइली सैन्य और राजनीतिक नेताओं को दी गई है।

ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के विभिन्न शहरों में आम नागरिकों के घरों पर हमले करने के जवाब में यह फैसला लिया गया है।

यह भी पढ़ें: वेनेजुएला के बाद ईरान को किया धुआं-धुआं, अब कर दिया खुला ऐलान, कहा- इस देश का अंत तय

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 30 March 2026 at 16:17 IST