काटना पड़ा पैर, होंठ और हाथ जले...अमेरिकी एयरस्‍ट्राइक में बुरी तरह जख्‍मी ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई; हो सकती है प्लास्टिक सर्जरी

अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बुरी तरह जख्मी हुए है। उनका चेहरा और होंठ बुरी तरह झुलस गया है। रिपोर्ट्स है कि नौबत प्लास्टिक सर्जरी की भी आ सकती है।

Iran's Supreme Leader Mojtaba Khamenei | Image: ANI

Mojtaba Khamenei: इजरायल-अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर दुनियाभर में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मोजतबा US-इजरायल के साथ चल रही जंग के बीच अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इस बीच खबर है कि हमले के दौरान मोजतबा खामेनेई बुरी तरह से घायल हो गए थे। दो महीने बीत जाने के बावजूद उनका इलाज अभी भी जारी है। चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाए हैं।

दरअसल, 28 फरवरी 2026 को हुए घातक हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ-साथ कई उच्च पदाधिकारी भी मारे गए थे। एक रिपोर्ट की मानें तो इसी हमले में मोजतबा खामेनेई बुरी तरह से जख्मी हुए थे। अब स्थिति ऐसी है कि उन्हें प्लास्टिक सर्जरी और नकली पैर लगवाने की जरूरत पड़ सकती है। वर्तमान में वे गुप्त रूप से अपना इलाज करवा रहे हैं।

मोजतबा का होंठ झुलसा, चेहरा भी जला  

इससे पहले खबरें थी कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा का एक पैर कट गया है। लीवर को भी नुकसान हुआ है। हालांकि अब न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में कुछ वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि मोजतबा खामेनेई के एक टांग की तीन बार सर्जरी हो चुकी है। उन्हें प्रोस्थेटिक (आर्टिफिशयल) पैर की जरूरत है। इसके अलावा उनके एक हाथ का भी ऑपरेशन हुआ है और वह धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। बताया गया है कि इसके बावजूद उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत आन पड़ सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खामेनेई का चेहरा और होंठ भी बुरी तरह झुलस गया है, जिसके चलते उन्हें बोलने में परेशानी हो रही है।

मोजतबा की लोकेशन रखी गई गुप्त

इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मोजतबा की लोकेशन गुप्त रखने के लिए वह खुद बेहद कम लोगों से मिल रहे हैं। अधिकतर समय वह मेडिकल स्टाफ की देखरेख में होते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, बताया गया है कि IRGC के वरिष्ठ कमांडर समेत अन्य शीर्ष अधिकारी भी उनसे मिलने से बच रहे हैं। ऐसा इसलिए ताकि उनकी लोकेशन ट्रैक न की जा सके। उन्हें इस बात का डर है कि कहीं इजरायल उनकी लोकेशन ट्रैक करके उनका भी खात्मा न कर दे।

संपर्क का तरीका भी बेहद अलग

रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई से सीधा संपर्क बेहद मुश्किल है। ऐसे में उनसे संपर्क का तरीका भी गोपनीय है। उन तक कोई भी बात बंद लिफाफों में बंद संदेश में लिखकर पहुंचाई जाती है। इस संदेश का जवाब भी संदेश के जरिये भी दिया जाता है।

बताते चलें कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता का कार्यभार संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई ने किसी भी तरह से ऑडियो या वीडियो संदेश जारी नहीं किया है। जनता से वह चिट्ठी लिखकर ही बात करते हैं। इन चिट्ठियों को भरोसेमंद कूरियरों के हाथों अलग-अलग रास्तों से उन तक पहुंचाया जाता है। 

यह भी पढ़ें: वॉशिंगटन DC में 9वीं स्ट्रीट टनल के अंदर मेट्रो बस में लगी आग, कई किलोमीटर दूर से दिखा काले धुएं का गुबार
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 24 April 2026 at 09:02 IST