ईरान ने अमेरिकी कंपनी को बनाया निशाना, बहरीन के DATA सेंटर को उड़ाने की कोशिश, Amazon का क्लाउड कंप्यूटिंग ऑपरेशन क्षतिग्रस्त

US-Iran War: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी कंपनी Amazon के AWS डेटा सेंटर पर हमला किया है। इस हमले में क्लाउड कंप्यूटिंग ऑपरेशन को भारी नुकसान पहुंचा है।

US-Iran War Attack on Amazon | Image: ANI

US-Iran War: मिडिल ईस्ट में चल रहे जंग के बीच बुधवार को ईरान ने बहरीन में अमेरिकी कंपनी अमेजन वेब सर्विस (AWS) के एक डेटा सेंटर पर हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को हुए इस हमले के बाद डेटा सेंटर परिसर में भीषण आग लग गई। 

बहरीन के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि सिविल डिफेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि मंत्रालय ने यह जानकारी नहीं दी है कि इसमें कौन सी कंपनी शामिल है और कोई हताहत हुआ या नहीं या नुकसान किस हद तक हुआ है।

बता दें, यह हमला ईरान की उस धमकी के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जिसमें उसने मिडिल ईस्ट में सक्रिय 18 अमेरिकी टेक कंपनियों को तबाह करने की बात कही थी।

AWS डेटा सेंटर पर हमले से हड़कंप

अमेजन का यह डेटा सेंटर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स और हजारों कंपनियों के डिजिटल डेटा का घर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हालांकि डेटा सेंटर सीधे ड्रोन स्ट्राइक की चपेट में नहीं आया, लेकिन पास में हुए धमाकों और तकनीकी खराबी के कारण अमेजन का क्लाउड कंप्यूटिंग ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 

बता दें, AWS दुनिया की सबसे बड़ी क्लाउड सर्विस देने वाली कंपनी है, जिसकी सेवाओं का उपयोग भारत सहित दुनिया के लगभग सभी बड़े देश और बैंकिंग संस्थान करते हैं। 

ईरान की 'हिट लिस्ट' में अब एप्पल, गूगल और मेटा

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने  एक दिन पहले ही अमेरिका को धमकी दी थी कि वो मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिकी कंपनियों माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), गूगल (Google) और एप्पल (Apple) को निशाना बनाएंगे। ईरान की ओर से खासकर उन कंपनियों को निशाना बनाने की बात की गई है, जो मिडिल ईस्ट में डेटा, क्लाउड या डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेट करती है।

बता दें, अगर एप्पल या गूगल के डेटा सेंटर पर भविष्य में ऐसे हमले होते हैं, तो पूरी दुनिया में जीमेल, यूट्यूब, आईक्लाउड और गूगल मैप्स जैसी अनिवार्य सेवाएं ठप हो सकती हैं, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को खरबों का नुकसान होगा।

‘2 हफ्ते में खत्म कर देंगे युद्ध’

इससे पहले मेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि ईरान के साथ किसी समझौते या डील की जरूरत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी कंपनियों या उनके इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया गया, तो अमेरिका सैन्य और आर्थिक दोनों स्तरों पर इसका करारा जवाब देगा। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका इस युद्ध को महज 2 से 3 हफ्तों में खत्म करने की ताकत रखता है। 

ये भी पढ़ें:  कब होगा बिहार के नए CM का ऐलान? मनोज तिवारी ने बता दी तारीख, पावर स्टार पवन सिंह को लेकर भी दिया बड़ा बयान

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 1 April 2026 at 22:10 IST