नेपाल में फिर 'जल प्रलय' का अलर्ट, ऊफान पर बूढ़ी गंडक नदी, लोगों से ऊंचाई वाली जगहों पर जाने की अपील; खौफनाक VIDEO ने याद दिलाया फ्लैश फ्लड
नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बड़ी बाढ़ आने की आशंका जताई गई है। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बड़ी बाढ़ आने की आशंका जताई गई है। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्राधिकरण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि नदी में बड़ा बाढ़ का पानी आने वाला है। ऐसे में लोगों को नदी के किनारे जाने से बचना चाहिए और सुरक्षित रहने के लिए ऊंचे स्थानों पर चले जाना चाहिए।
प्राधिकरण के अनुसार, नेपाल के चुमनुव्री ग्रामीण नगर पालिका-6 के पास बुढ़ी गंडक नदी में पानी का स्तर अचानक और तेजी से बढ़ गया है, जिससे एक बहुत बड़ी बाढ़ के आने की आशंका पैदा हो गई है। दूसरी ओर बड़े खतरे को सामने खड़ा देख प्रशासन ने सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।
त्रिशूली दोभान तक नदी के पास जाने से बचें
NDRRMA ने त्रिशूली दोभान तक नदी के किनारे जाने से मना किया है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ का पानी आने के दौरान नदी के आसपास रहना खतरनाक हो सकता है। ऐसे में लोगों को नदी से दूरी बनाए रखनी चाहिए। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे चेतावनी को गंभीरता से लें। बाढ़ का पानी गुजरने तक नदी के पास जाने या वहां रुकने से बचें। खासकर नदी के किनारे रहने वाले लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। प्राधिकरण ने लोगों को ऊंचाई वाली जगहों पर जाने की सलाह दी है। बाढ़ के दौरान निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा हो सकता है। ऐसे में सुरक्षित और ऊंची जगह पर रहना जरूरी है।
NDRRMA ने कहा कि लोगों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना चाहिए। नदी के पास जाने से बचना चाहिए और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए। अगर आसपास पानी का स्तर बढ़ता दिखाई दे, तो सुरक्षित जगह पर जाना जरूरी है।
'बाढ़ का पानी गुजरने तक सतर्क रहें'
प्राधिकरण ने कहा है कि जब तक बाढ़ का पानी पूरी तरह गुजर नहीं जाता, तब तक नदी के आसपास जाने से बचें। लोगों को जल्दबाजी में नदी पार करने या किनारे के करीब जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। बाढ़ का खतरा टलने तक ऊंचाई वाली सुरक्षित जगहों पर रहें और नदी से दूर रहें।
आरुघाट-धादिंग को जोड़ने वाला पुल बहा
नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ीगंडकी नदी में रविवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने आरुघाट और धादिंग को जोड़ने वाले मोटर चालित पक्के पुल को बहा दिया। बाढ़ से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है। आरुघाट क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय के पुलिस निरीक्षक अनिल श्रेष्ठ के अनुसार, बाढ़ के कारण आरुघाट और धादिंग को जोड़ने वाला पुल बह गया।
बाढ़ ने चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका-3 के न्याकचेत और सिर्दिबास को जोड़ने वाले पुराने झूला पुल को भी बहा दिया। इसके अलावा धार्चे ग्रामीण नगरपालिका-5 के माछीखोला से केरौजा को जोड़ने वाला झूला पुल तथा आरुघाट ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 और 3 को जोड़ने वाला सोती स्थित लोहे का पक्का पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया। बाढ़ से क्षेत्र के कई पुलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 11 October 2026 at 10:00 IST