नवी पिल्लई को मिला शांति का नोबेल पुरस्कार तो ट्रंप ने फुलाया मुंह, बोले- 'मुझे एक दो नहीं पूरे 8 नोबेल अवॉर्ड मिलने चाहिए'
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर भड़क उठे हैं। उन्होंने इस साल 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए दक्षिण अफ्रीका की पूर्व जज और मानवाधिकार न्यायविद नवी पिल्लई के चयन को बेहद शर्मनाक और अपमानजनक करार दिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर भड़क उठे हैं। उन्होंने इस साल 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए दक्षिण अफ्रीका की पूर्व जज और मानवाधिकार न्यायविद नवी पिल्लई के चयन को बेहद शर्मनाक और अपमानजनक करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने तो यहां तक कह दिया कि इस फैसले ने नॉर्वे देश पर एक कभी न मिटने वाला कलंक लगा दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक बेहद लंबी पोस्ट शेयर कर नोबेल कमेटी के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने नवी पिल्लई की योग्यताओं को खारिज करते हुए उन पर इजरायल-विरोधी होने का आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में दुनिया के आठ बड़े युद्धों को शांत कराया है, इसलिए उन्हें एक नहीं बल्कि 8 नोबेल शांति पुरस्कार मिलने चाहिए थे।
ट्रंप ने क्या कहा
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह नॉर्वे और इतना अपमानजनक तथा शर्मनाक फैसला लेने वालों के माथे पर कभी न मिटने वाला कलंक है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, 'कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों के एक समूह ने नोबेल शांति पुरस्कार को हमेशा के लिए बदनाम कर दिया है। ये लोग लोकतंत्र के विरोधी हैं और वास्तव में सभ्यता के दुश्मन हैं। नॉर्वे, हम यह नहीं भूलेंगे कि आपने हमें यह पुरस्कार नहीं दिया।' ट्रंप ने पिल्लई के बारे में कहा कि वह ऐसी शख्सियत हैं, 'जिनके बारे में किसी ने कभी सुना तक नहीं है।'
ट्रंप ने कहा, ‘आज (शुक्रवार) संयुक्त राष्ट्र में काम करने वाली एक उदारवादी महिला को नोबेल पुरस्कार दे दिया गया, जिनके बारे में किसी ने कभी नहीं सुना। मैंने भी उनके बारे में कभी नहीं सुना, लेकिन फिर भी उन्हें बधाई।' इसके बाद ट्रंप ने उन युद्धों की सूची गिनाई, जिन्हें सुलझाने का उन्होंने दावा किया। उन्होंने कहा कि वह दो और संघर्षों- ईरान तथा रूस-यूक्रेन युद्ध- को समाप्त कराने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
ट्रंप बोले- दुनिया में किसी भी इंसान से ज्यादा जानें मैनें बचाईं
उन्होंने कहा, ‘इसके अलावा, मैंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका। इससे पूरे पश्चिम एशिया और उसके बाहर के क्षेत्रों को तबाह होने से बचाया।' ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने इतिहास में किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में अधिक लोगों की जान बचाई है। अब तक अमेरिका के चार राष्ट्रपति- थियोडोर रूजवेल्ट, वुडरो विल्सन, जिमी कार्टर और बराक ओबामा- नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। ओबामा को 2009 में राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले ही वर्ष में यह सम्मान मिला था। ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार दिए जाने को लेकर ट्रंप अक्सर नाराजगी जताते रहे हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि ओबामा को ‘बिना कुछ किए ही पुरस्कार मिल गया था।'
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 10 October 2026 at 13:25 IST