बलूचिस्‍तान में पाकिस्‍तानी आर्मी पर बड़ा हमला, सैनिकों को ले जा रही बस को BLA ने बम से उड़ाया, 45 की मौत

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले के खदकोचा इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़ा हमला किया है।

बलूचिस्‍तान में पाकिस्‍तानी आर्मी पर बड़ा हमला, सैनिकों को ले जा रही बस को BLA ने बम से उड़ाया, 45 की मौत | Image: ANI

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले के खदकोचा इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़ा हमला किया है। संगठन के मुताबिक इस हमले में 45 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मस्तुंग के खदकोचा में सुनियोजित तरीके से घात लगाकर हमले की जिम्मेदारी बीएलए के खास फतह स्क्वाड ने ली है। फतह स्क्वाड हालिया महीनों में लगातार पाकिस्तानी आर्मी और सुरक्षबलों को निशाना बनाती रही है।

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि निशाने पर पाकिस्तान सेना के जवानों को ले जा रही बसें, उनके सुरक्षा एस्कॉर्ट और बाद में मौके पर पहुंची अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियां थीं। आपको बता दें कि इलाके में अभी भी झड़पें जारी होने की खबरें हैं। इतने बड़े पैमाने पर हुआ यह हमला बलूच विद्रोह की बढ़ती घातक क्षमता को दिखाता है और पाकिस्तानी सेना के काम करने के तरीके में मौजूद गहरी रणनीतिक और ऑपरेशनल कमजोरियों को उजागर करता है।

BLA जल्‍द जारी करेगा विस्‍तृत रिपोर्ट

BLA ने अपने बयान में कहा है कि वह जल्द ही इस अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी करेगा। इसमें हमले की पूरी रणनीति, पाकिस्तानी सेना को हुए कथित नुकसान और सैन्य उपकरणों के नुकसान का ब्योरा भी साझा करने की बात कही गई है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना या सरकार की तरफ से BLA के इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बलूचिस्तान में पाक आर्मी पर हमले

बलूचिस्तान प्रांत का मस्तुंग लंबे समय से विद्रोहियों का गढ़ बना हुआ है। इस जिले में पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर कई बड़े हमले किए गए हैं। क्षेत्रफल के लिहाज से पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत बलूचिस्तान के दूर-दराज के इलाकों में सैनिकों को लाने-ले जाने के लिए पाकिस्तानी सेना को लगातार मुश्किल आ रही है।

बलूचिस्तान में बीएलए ने हालिया वर्षों में लगातार पाकिस्तानी आर्मी पर हमले किए हैं। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सशस्त्र संगठन बीएलए दो दशक से सक्रिय है लेकिन बीते कुछ वर्षों में इसकी गतिविधियां बढ़ी हैं। इस गुट का कहना है कि उसका उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से स्वतंत्रता दिलाना है।

इसे भी पढ़ें- PoK में पाकिस्‍तानी सेना ने मचाया नरसंहार, शहबाज-मुनीर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग में 9 की मौत, प्रदर्शनकारियों का आज ‘लॉन्ग मार्च’ का ऐलान

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 17 July 2026 at 08:17 IST