अपडेटेड 9 December 2025 at 22:42 IST
भगोड़े मेहुल चोकसी को बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, प्रत्यर्पण के खिलाफ याचिका खारिज, भारत लाने का रास्ता साफ
Mehul Choksi news: PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को सबसे बड़ा झटका लगा है। बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट ने प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी याचिका को खारिज कर दिया है, जिसके बाद अब उसे भारत लाने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
Mehul Choksi Extradition news: PNB घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को बड़ा झटका लगा है। बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट ने उसकी भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा, जिसमें भारत के आग्रह को सही माना गया था।
मेहुल चोकसी कई महीनों से जेल में है। उसे एंटवर्प पुलिस ने 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। बेल्जियम की अदालतों में उसकी कई जमानत याचिकाओं खारिज हो चुकी हैं।
चोकसी की याचिका खारिज
बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार, 9 दिसंबर को भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी की अपील खारिज कर दी है। शीर्ष अदालत के के प्रवक्ता हेनरी वेंडरलिंडन ने कहा, "कोर्ट ऑफ कैसेशन ने अपील खारिज कर दी है। इसलिए, कोर्ट ऑफ अपील का फैसला कायम है।"
भारत लाने का रास्ता हुआ साफ
इससे पहले एंटवर्प की कोर्ट ऑफ अपील ने मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण अनुरोध को सही ठहराया था। मेहुल के मामले पर सुनवाई करते हुए एंटवर्प कोर्ट ने साफ किया था कि उस पर लगे आरोप भारतीय कानून के तहत दंडनीय हैं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत इसमें जेल की सजा का प्रावधान है। बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट से चोकसी को लगे इस झटके के बाद अब उसका भारत आने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
बता दें कि मेहुल चोकसी पर भारत ने धोखाधड़ी, साजिश, सबूत नष्ट करने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं, जो IPC की कई धाराओं के तहत आते हैं। ये बेल्जियम के कानून के तहत भी दंडनीय अपराध हैं। यह अंतरराष्ट्रीय संधियों के तहत प्रत्यर्पण के लिए 'दोहरे अपराध' की शर्त को पूरा करता है।
PNB घोटाले का है आरोपी
पंजाब नेशनल बैंक के 13,500 करोड़ रुपये के लोन फ्रॉड मामले में चोकसी आरोपी है। वह साल 2018 में भारत से फरार हो गया था। तब से प्रत्यर्पण से बचने के लिए वह भागा-भागा फिर रहा है और तमाम पैंतरे भी अपना रहा है। मेहुल की पत्नी प्रीति चोकसी बेल्जियम की नागरिक है। बेल्जियम में चोकसी ने भारत और एंटीगुआ की नागरिकता होने की बात छिपाई थी। वह यहां से स्विट्जरलैंड भागने की कोशिश कर रहा था। इस बीच ही उसे बेल्जियम से गिरफ्तार कर लिया गया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 December 2025 at 22:42 IST