BREAKING: बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की जिंदा झुलसकर मौत, 63 घायल; थाईलैंड PM ने जताया दुख
Bangkok Fire: बैंकॉक में चतुचक के नाइट क्लब में भीषण आग लग गई, इस हादसे में 27 लोगों की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, घटना की जांच की जाएगी, पढ़ें पूरी खबर
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Bangkok Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई है, 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। देर रात चतुचक जिले के 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' नाम के इस पब में ये भयानक हादसा हुआ।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना को लेकर गहरा दुख जताया, उन्होंने कहा कि अब तक 27 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री ने आग लगने के कारणों की जांच का भी आदेश दिया है।
आग कैसे लगी?
आग देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर भागे। कुछ लोग टॉयलेट में छिप कर आग की जलन से बचने की कोशिश कर रहे थे, क्योंकि अंदर हर तरफ आग फैल गई थी। बचाव दल ने कई घायलों को बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की टीमें करीब 30-35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकीं।
बाहर निकलने के रास्ते बंद थे
घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि पब के गेट से लपटें निकलती दिख रही हैं। वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर फंस गए। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग के कारणों की जांच कर रही है। ये पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आग कैसे लगी और क्या पब में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे।
स्थानीय रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि, बाहर निकलने के रास्ते बंद थे, धुआं इतना घना था कि लोग सांस नहीं ले पा रहे थे। इस हादसे के बाद थाईलैंड में एंटरटेनमेंट जगहों की फायर सेफ्टी को लेकर बड़े सवाल उठाए जा रहे हैं?
अग्नि सुरक्षा को लेकर सख्त नियम जरूरी
ऐसी घटनाएं चेतावनी है कि भीड़ भरे पब, क्लब और रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा के सख्त नियम कितने जरूरी हैं। भारत से भी हर साल लाखों लोग थाईलैंड घूमने जाते हैं। ऐसे में वहां जाने वाले पर्यटकों को भी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना जरूरी है। सरकारों को एंटरटेनमेंट वेन्यूज पर नियमित चेकिंग और सख्ती बढ़ानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं ना हो। फिलहाल हादसे की जांच चल रही है, घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 13 July 2026 at 06:42 IST