Trump Buffalo: दो पंखों की हवा, नहाना, आराम और शाही चारा... 'डोनाल्ड ट्रंप' को ढाका के चिड़ियाघर में मिल रहा VVIP ट्रीटमेंट- Video
बांग्लादेश वाले डोनाल्ड ट्रंप नाम के इस भैंसे को तो आप जानते ही होंगे, बांग्लादेश सरकार के हस्तक्षेप के बाद भैंसे की कुर्बानी रोक दी गई और अब इसे ढाका चिड़ियाघर में रखा गया है। जहां भैंसे को VIP ट्रीटमेंट मिल रहा है। पढ़ें पूरी खबर।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
Trump Buffalo Getting VIP Treatment: बांग्लादेश की राजधानी ढाका से डोनाल्ड ट्रंप नाम के भैंसे का नया वीडियो सामने आया है। जिसमें ट्रंप भैंसा दो पंखों के बीच आराम करते हुए दिख रहा है। कुछ दिनों पहले जहां ये भैंसा बकरीद पर कुर्बानी देने वाला था वहीं अब ढाका चिड़ियाघर में इस भैंसे को VIP देखरेख मिल रही है।
इस भैंसे का नाम 'डोनल्ड ट्रंप' है। बकरीद से ठीक पहले बांग्लादेश सरकार के हस्तक्षेप से इस भैंसे की कुर्बानी रोक दी गई है। पुलिस ने भैंसे को अपने कब्जे में लिया और अब इसे ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में शिफ्ट कर दिया गया है। जहां इसकी खास देखभाल की जा रही है।
भैंसा करीब 700 किलोग्राम वजन का है और उसके सिर के सुनहरे बाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हेयरस्टाइल से काफी मिलते-जुलते हैं। यही वजह है कि इसे 'ट्रंप भैंसा' का नाम दिया गया था।
भैंसे के मालिक ने क्या कहा?
भैंसे के मालिक ने बताया कि पुलिस उनके घर पहुंची और सरकार के आदेश पर भैंसे को संरक्षण में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि, 'हम किसी टकराव में नहीं पड़ना चाहते थे, इसलिए भैंसा सौंप दिया। सरकार मुआवजे या दूसरे मवेशी देने का आश्वासन दे रही है।'
चिड़ियाघर में मिल रही VIP देखभाल
किरानीगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी रुहुल कुद्दूस ने बताया कि पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों की राय है कि भैंसा अभी युवा है। इसे कई सालों तक अच्छे से पाला जा सकता है। चिड़ियाघर के क्यूरेटर अतीकुर रहमान ने कहा कि भैंसे के लिए अलग शेड और समर्पित देखभालकर्ता की व्यवस्था कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर इस भैंसे की तस्वीरें सामने आने के बाद, भैंसे की वीडियो और फोटो को करोड़ों लोगों ने लाइक और शेयर किया, जिससे रातों रात ये भैंसा काफी फेमस हो गया। बताया जा रहा है कि अल्बिनो भैंसे दुर्लभ होते हैं, इसलिए सरकारी स्तर पर इसे बचाने का फैसला लिया गया। फिलहाल जानवरों प्रेमियों के लिए खुशी की खबर ये है कि 'ट्रंप भैंसा' अब बिल्कुल सुरक्षित है और वो अब राजसी सुविधाओं का मजा ले रहा है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 June 2026 at 15:28 IST