Bangkok: टॉयलेट में सबसे ज्यादा लाशें, नहीं था कोई एग्जिट गेट...बैंकॉक के पब में बिजली कटते हुआ तेज धमाका, आग में जिंदा जल मर गए 27 लोग- VIDEO
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक पब में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक आग में झुलसकर अबतक 27 लोगों की मौत हुई है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक पब में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक आग में झुलसकर अबतक 27 लोगों की मौत हुई है। 60 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनमें से 22 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दमकलकर्मियों को पब के पिछले हिस्से में मौजूद रेस्टरूम (टॉयलेट) से भी कई शव मिले हैं। बचाव दल का कहना है कि ये लोग आग से बचने के लिए रेस्टरूम की ओर आए थे, लेकिन रास्ता न मिलने की वजह से पीड़ितों की मौत हो गई है।
चश्मदीदों के मुताबिक- शुरुआत में स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से धुआं निकला और लाइट चली गई, इसके बाद तेज धमाका हुआ। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही मिनटों में पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि कई स्टेशनों के दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कोशिश की और लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह तबाह नजर आया, जहां जली हुई मेज और कुर्सियां राख से ढकी हुई थीं और बचावकर्मी घटनास्थल की तलाशी ले रहे थे।
चश्मदीदों ने क्या बताया?
न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार 45 साल के मोटरबाइक टैक्सी ड्राइवर सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उन्होंने पब के दरवाजे से आग को सड़क की तरफ फैलते देखा। उन्होंने जलने और छाले पड़ने के बावजूद भाग रहे लगभग पांच लोगों की मदद की। सुरिन ने AFP को बताया, "मैं बहुत उदास महसूस कर रहा हूं. मैंने कई लोगों को मरते देखा और जिन लोगों की मैंने मदद की, उनके बारे में मुझे कुछ नहीं पता कि वे कैसे हैं।"
उन्होंने बताया कि उन्होंने लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाने के लिए कपड़ों का इस्तेमाल किया, जबकि एक दूसरे ड्राइवर ने एक महिला पीड़ित को खतरे वाली जगह से दूर पहुंचाया। इस महीने एक लाइव शो के प्रमोशन के लिए पब के फेसबुक पेज पर की गई पोस्ट के अनुसार, इस लाइव म्यूजिक वेन्यू में एक स्टेज, दो बार और एक किचन है, जिसमें कुल 300 से ज्यादा लोगों के बैठने की जगह है। आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के लिए चार रास्ते (फायर एग्जिट) भी हैं।
22 घायलों की हालत गंभीर
समाचार एजेंसी एपी ने बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट के हवाले से बताया कि 60 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें 22 की हालत गंभीर है। अधिकारियों के सामने लोगों पीड़ितों की पहचान करने में मुश्किल हो रही है, क्योंकि कई लोगों के पास आईडी नहीं थी या वे बेहोश थे। घटनास्थल पर अपने प्रियजनों की जानकारी लेने आ रहे लोगों से जानकारी इकठ्ठा करने के लिए एक रजिस्ट्रेशन डेस्क भी बनाया गया है।
पहले भी हो चुकी हैं त्रासदी
आपको बता दें कि थाईलैंड के नाइटक्लबों और पबों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते पहले भी ऐसी कई बड़ी त्रासदियां देखी जा चुकी हैं। साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में लगी आग के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले एक जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी से लगी आग में 66 लोग मारे गए थे और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 13 July 2026 at 10:19 IST