मातम में बदली छठ की खुशियां, काठमांडू से सर्लाही जा रही इलेक्ट्रिक वैन खाई में गिरी, अबतक 14 की मौत
नेपाल में छठ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक माइक्रोबस पहाड़ी सड़क से करीब 300 मीटर नीचे जा गिरी
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
नेपाल में छठ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक माइक्रोबस पहाड़ी सड़क से करीब 300 मीटर नीचे जा गिरी। इस हादसे में ड्राइवर समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में हुआ।
जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता, पुलिस उपाधीक्षक माधव काफ्ले ने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और बच्चे, तथा नौ पुरुष शामिल हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के अनुसार मधेस प्रांत के रजिस्ट्रेशन नंबर 03-001 Ja 0880 वाली एक इलेक्ट्रिक 'हाइएस' (Hiace) वैन गाड़ी काठमांडू से सर्लाही जा रही थी, तभी गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे वह सड़क से लगभग 500 मीटर नीचे खाई में गिर गई। यह हादसा भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर स्थित 'चिसापानी गढ़ी' के पास हुआ।
हादसे में घायल हुए छह लोगों में से मुकेश यादव (33), सक्षम कुमार यादव (5) और देवेंद्र यादव (26) को प्राथमिक उपचार के बाद हेटौंडा अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, तीन वर्षीय सुजन यादव, 31 वर्षीय देवेंद्र राय यादव और 16 माह के मासूम सुदीप यादव को बेहतर इलाज के लिए चितवन रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार देवेंद्र राय यादव की हालत नाजुक बनी हुई है। इस हादसे के बाद से पूरे सर्लाही जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
सात दिन में समिति सौंपेगी रिपोर्ट
मुख्य जिला अधिकारी (CDO) बसंत अधिकारी के अनुसार, सहायक मुख्य जिला अधिकारी की देखरेख में बनी इस समिति ने अपनी जांच शुरू कर दी है। इस समिति में सहायक मुख्य जिला अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी, भौतिक अवसंरचना विकास मंत्रालय के एक इंजीनियर और आंतरिक मामले एवं कानून मंत्रालय के एक कानूनी अधिकारी शामिल हैं। CDO अधिकारी ने बताया कि समिति को सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें- पत्नी के साथ बेवफाई, चीनी जासूस से अफेयर...जेनसेन हुआंग का NVIDIA के सभी पदों से इस्तीफा, कोलेट क्रेस्स बनीं अंतरिम CEO
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 12 November 2026 at 23:00 IST