अपडेटेड 6 April 2025 at 13:44 IST
'Hands Off...', अमेरिका में क्यों डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जनता ने छेड़ी जंग? न्यूयॉर्क से अलास्का तक जोरदार प्रदर्शन
Hands Off के पोस्टर बैनर लिए 150 से अधिक ग्रुप अमेरिका के अलग-अलग 50 राज्यों में 1200 जगहों पर विरोध प्रदर्शन करने उतरे थे।
America Protest: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अब अमेरिका में जन आक्रोश दिखाई दे रहा है। ट्रंप के अलावा जनता ने एलन मस्क के खिलाफ भी अपनी जंग छेड़ी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प जिस तरह से देश को चला रहे हैं, उससे नाराज लोगों की भीड़ ने कई अमेरिकी शहरों में मार्च किया और रैलियां निकालीं।
अमेरिका में न्यूयॉर्क, मिडटाउन मैनहट्टन से लेकर एंकोरेज और अलास्का तक देशभर के शहरों में हजारों प्रदर्शनकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की आलोचना करते हुए आंदोलन किए। पोर्टलैंड, ओरेगन और लॉस एंजिल्स में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, जहां उन्होंने पर्शिंग स्क्वायर से सिटी हॉल तक मार्च किया। ये लोग गवर्नमेंट डाउनसाइजिंग, इकॉनमी, इमिग्रेशन और ह्यूमन राइट्स के विषय में डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के फैसलों के खिलाफ हैं।
हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे लोग
प्रदर्शनकारियों ने हजारों की संख्या में जुटकर अपना आक्रोश व्यक्त किया है। एपी की रिपोर्ट में बताया गया है कि 'Hands Off' के पोस्टर बैनर लिए 150 से अधिक ग्रुप अमेरिका के अलग-अलग 50 राज्यों में 1200 जगहों पर विरोध प्रदर्शन करने उतरे थे। प्रदर्शनकारियों में नागरिक अधिकार संगठन, श्रमिक संघ, LBGTQ+ अधिवक्ता, दिग्गज और चुनाव कार्यकर्ता शामिल थे। रैलियां शांतिपूर्ण दिखीं और गिरफ्तारी की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
लोगों ने जाहिर की अपनी नाराजगी
एपी के अनुसार, मानवाधिकार अभियान वकालत समूह के अध्यक्ष केली रॉबिन्सन कहते हैं, 'हम जो हमले देख रहे हैं, वो सिर्फ राजनीतिक नहीं हैं। वो व्यक्तिगत हैं। वो हमारी किताबों पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं, वो एचआईवी रोकथाम निधि में कटौती कर रहे हैं, वो हमारे डॉक्टरों, हमारे शिक्षकों, हमारे परिवारों और हमारे जीवन को अपराधी बना रहे हैं।' रॉबिन्सन ने कहा, ‘हम ये अमेरिका नहीं चाहते हैं। हम वो अमेरिका चाहते हैं जिसके हम हकदार हैं, जहां सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता हममें से कुछ लोगों की नहीं, बल्कि हम सभी की है।’
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 13:44 IST