तैयारी पूरी, जरा सी गलती हुई तो करारा जवाब देंगे...ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप को दी सीधी चेतावनी, अमेरिका फर्स्ट नारे पर भी उठाए सवाल
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेहरान ने फिर सख्त चेतावनी जारी की है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा कि वार्ता का दरवाजा खुला है, लेकिन किसी भी उकसावे पर पूर्ण ताकत से जवाब दिया जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेहरान ने फिर सख्त चेतावनी जारी की है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा कि वार्ता का दरवाजा खुला है, लेकिन किसी भी उकसावे पर पूर्ण ताकत से जवाब दिया जाएगा। रविवार को टीवी पर दिए बयान में गालिबाफ ने ईरान को हाई अलर्ट पर बताया। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम पूरी तरह तैयार हैं, जरा सी गलती पर पूरी ताकत से मुकाबला करेंगे।"
उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता पहले से कहीं बेहतर हो चुकी है और जंग में इसकी झलक मिली। गालिबाफ ने स्वीकार किया कि अमेरिका के पास अधिक संसाधन, हथियार और अनुभव हैं। फिर भी ईरान ने रणनीति से हालात पलट दिए। उन्होंने इसे पारंपरिक जंग नहीं, बल्कि योजना-आधारित संघर्ष बताया जहां ईरान ने मजबूत दुश्मनों को चुनौती दी।
इजरायल पर निशाना
गालिबाफ ने अमेरिका के "अमेरिका फर्स्ट" नारे पर सवाल उठाए, कहा कि उसके फैसले इजरायल-केंद्रित दिखते हैं। अमेरिका कई बार गलत जानकारी पर कार्रवाई करता है। उन्होंने विरोधियों की आर्थिक कमजोर करने और तेल पर कब्जे की नाकाम योजनाओं का जिक्र किया।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज विवाद
अमेरिका ने ईरानी जहाजों पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ब्लॉकेड कायम रखा है, राष्ट्रपति ट्रंप ने दबाव जारी रखने के संकेत दिए। ईरान ने कुछ जहाजों को चकमा देकर निकाला, लेकिन तनाव बरकरार है।
अब क्या है आगे का रास्ता
अब दोनों पक्षों की सख्ती से टकराव बढ़ने का खतरा है, लेकिन पाकिस्तान में चल रही वार्ता से उम्मीद बंधी है। गालिबाफ ने नेक नियत से बातचीत का इशारा दिया, पर भरोसा न होने की बात कही।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 19 April 2026 at 13:54 IST