रियल लाइफ में हुआ 3 Idiots वाला सीन... ट्रेन में महिला को अचानक हुआ लेबर पेन, डॉक्टर दोस्त को लगाया वीडियो कॉल; स्टेशन पर कराई डिलीवरी

Viral Video: लोकल ट्रेन में सफर कर रही एक प्रेग्नेंट महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हो गया। इससे वहां आसपास मौजूद यात्री घबरा गए। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि क्या किया जाए। तब एक शख्स फरिश्ता बनकर आया।

Follow :  
×

Share


युवक ने कराई महिला की डिलीवरी | Image: X

Viral Video: आमिर खान स्टारर 3 इडियट्स का वो सीन तो आपको याद होगा ही जब रैंचो प्रिया (करीना कपूर) की बहन की डिलीवरी वीडियो कॉल के जरिए करता है। वैसा सीन रियल लाइफ में देखने मिला। मुंबई के राम मंदिर रेलवे स्टेशन पर एक महिला को लेबन पेन होने पर एक शख्स ने डिलीवरी कराई। इस दौरान उसने अपनी डॉक्टर दोस्त की मदद ली। उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल मिलाया, उनके निर्देशों का पालन किया और सुरक्षित डिलीवरी कराई।

घटना देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार लोकल ट्रेन में एक प्रेग्नेंट महिला को सफर करते हुए अचानक लेबर पेन शुरू हो गया। ये देख आसपास मौजूद यात्री काफी घबरा गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति में क्या किया जाए।

दोस्त को लगाया वीडियो कॉल और फिर…

पास में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और न ही कोई तत्काल मेडिकल सुविधा थी। इस सिचुएशन में विकास बेद्रे नाम के एक युवक ने हिम्मत दिखाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने तुरंत अपनी डॉक्टर दोस्त को वीडियो कॉल लगाया। पत्नी ने जैसा-जैसा बताया, विकास उनके निर्देशों का पालन करता रहा और स्टेशन पर ही महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई। ऐसा कर उसने न सिर्फ गर्भवती महिला की जान बचाई, बल्कि नन्ही जान को इस दुनिया में लाने में भी मदद की।

लोगों ने बजाई तालियां

सामने आए वीडियो में देखने मिल रहा है कि बच्चे के जन्म के बाद वहां खुशी का माहौल है। हर किसी के चेहरे पर मुस्कान नजर आ रही है। युवक बताता है कि लड़का हुआ है। वो ये भी कहता है कि मैंने ये जीवन में पहली बार किया है। इसके बाद हर कोई उसकी सराहना करने लगता है। लोग कहते हैं कि तुमने बहुत बहादुरी वाला काम किया है। इस पर युवक ने यह भी बताया कि वो कैसे इस दौरान खुद काफी डरा हुआ था। इस दौरान वहां मौजूद लोग तालियां बजाते हुए युवक के काम को सराहते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब की सराहना

सोशल मीडिया पर भी युवक की समझदारी और बहादुरी की जमकर तारीफ हो रही है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह अविश्वसनीय है... इसमें शामिल सभी लोगों पर भगवान की कृपा बनी रहे। सच्ची इंसानियत की मिसाल। न कोई डॉक्टर, न कोई इंतजाम… फिर भी जिंदगी ने अपना रास्ता ढूंढ़ ही लिया। उस आदमी की हिम्मत को मेरा सलाम।"

कुछ लोगों ने युवक को असली हीरो बताया और कहा कि वे अजनबी के लिए फरिश्ता बनकर आया और नई जिंदगी को दुनिया में लाया। कुछ ने यह भी कहा कि फिल्मी कहानियां सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं होती।

यह भी पढ़ें: VIRAL: लड़की घर में कर रही थी काम, तभी पालतू बिल्ली को आया गुस्सा, कर दिया ताबड़तोड़ हमला, नोच खाया हाथ; होश उड़ाने वाला VIDEO

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 8 April 2026 at 23:05 IST