अपडेटेड 7 March 2026 at 22:40 IST
मामूली दुख के 250 रुपये, साथ में रोने के… लोगों का दुखड़ा सुनकर हजारों कमाता है ये आदमी, आपने देखा है ऐसा यूनिक बिजनेस?
Viral Video: मुंबई में एक आदमी लोगों का दुखड़ा सुनकर हजारों रुपये कमाता है। उसका यूनिक बिजनेस आईडिया अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Viral Video: ‘दुनिया में कितना गम है, मेरा गम कितना कम है’, आपने ये आइकॉनिक बॉलीवुड गाना तो जरूर सुना होगा। हर इंसान असल में कितना अकेला होता है, ये केवल वो ही जानता है। लोगों की जिंदगी में कई रिश्ते होते हैं- परिवार, दोस्त, लव लाइफ या प्रोफेशनल… लेकिन आपको बहुत ही मुश्किल से कोई ऐसा इंसान मिलता है जिससे बात करके आप अपने दिल का बोझ हल्का कर सकें।
इंसान चेहरे से कितना भी खुश दिखे लेकिन अपने अंदर के शोर से वो अकेला ही जूझ रहा होता है। उनके दिल में हजारों भावनाएं होती हैं लेकिन उन भावनाओं को शेयर करने के लिए उनके पास कोई नहीं होता। ऐसे में लोग प्रोफेशनल के पास जाना पसंद करते हैं। लोगों की उसी तन्हाई से मुंबई के एक आदमी ने अब नया धंधा शुरू कर लिया है जो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
लोगों का दुख सुनने का बिजनेस
एक इंस्टाग्राम यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो जुहू बीच पर एक आदमी से मिलवाता नजर आ रहा है। उसने दिखाया कि कैसे वो आदमी एक बोर्ड लेकर बैठा था जिसपर लिखा था- ‘अगर किसी को अपना दुख सुनाना है तो मैं सुन सकता हूं’। नीचे मिलने का समय भी दिया गया था- सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक।
इस बोर्ड में सबसे खास बात ये थी कि उसमें उसने दुख सुनने की अलग-अलग सेवाओं के साथ अलग-अलग दाम भी लिखे हुए थे जो देखने में काफी दिलचस्प लग रहे थे। जैसे मामूली दुख के लिए 250 रुपये, बड़े दुख के लिए 500 रुपये और साथ में रोने के लिए 1000 रुपये। उन्होंने बताया कि कैसे बहुत से लोग मिलकर उन्हें अपना दुखड़ा सुनाते हैं तो कुछ लोग कॉल पर भी उनसे बात करके दिल हल्का कर लेते हैं।
‘दुख बहुत है, पैसे कहां से लाऊं?’
अब जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने इसपर मजेदार रिएक्शन देने शुरू कर दिए हैं। किसी ने उस आदमी की तारीफ करते हुए लिखा कि वो काफी नेक काम कर रहे हैं, तो दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किया- 'मेरी जिंदगी में एक ही दुख है कि जिंदगी में पैसे की बहुत कमी है। ये दुख सुनाने के लिए 250 रुपये कहां से लाऊं'। तीसरे यूजर ने लिखा- ‘थेरेपिस्ट ऑन रोड’, वही चौथा यूजर लिखता है- ‘ये बिजनेस नहीं, सेवा का काम है’।
आपको बता दें कि विदेशों में ये धंधा काफी पॉपुलर है। बहुत सी कंपनियां प्रोफेशनल लिसनर्स को क्लाइंट के घर भेजती हैं ताकि वो उनकी बातें सुनकर उन्हें बेहतर महसूस करा सके। तो कुछ कंपनियां तरह-तरह की सेवाएं देती है जैसे कडल या डेट सर्विस।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 7 March 2026 at 22:40 IST