VIRAL: रील के चक्कर में खतरे से खेले युवक, नदी में ही उतार दी थार, वीडियो पर भड़के लोग
Bijnor news: बिजनौर में कुछ युवकों ने अपनी नई थार को रामगंगा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में उतार दिया। रील बनाने के चक्कर में युवक गाड़ी के साथ पानी में मस्ती कर रहे थे, जो बेहद खतरनाक था।
Viral Video: आजकल कुछ युवाओं के सिर पर सोशल मीडिया, रील्स और 'रौब' दिखाने का खुमार इस कदर हावी हो चुका है कि वे सही और गलत का फर्क भूल बैठे हैं। अक्सर लोग अपनी नई गाड़ियों का प्रदर्शन करने के लिए कुछ ऐसा कर देते हैं, जो उनकी और दूसरों की जान को खतरे में डाल देता है। बिजनौर के कालागढ़ इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर आप भी यही कहेंगे- "आखिर इतनी लापरवाही क्यों?"
युवकों ने नदी में उतारी थार
वीडियो में देखने मिल रहा है कि कुछ युवकों ने अपनी नई चमचमाती महिंद्रा थार गाड़ी को सीधे रामगंगा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी के बीच उतार दिया। नदी में तेज बहते पानी के बीच थार खड़ी नजर आ रही है और आसपास कई युवक उधर मस्ती करते दिख रहे हैं।
युवकों को नदी के बीचों-बीच गाड़ी खड़ी कर रील शूट करते देखा जा सकता है। कुछ युवक पानी में खड़े होकर उसे धक्का दे रहे हैं, तो कोई मोबाइल हाथ में लेकर पूरे मंजर को रिकॉर्ड कर रहा है। इसी दौरान नदी का तेज बहाव गाड़ी को अपनी चपेट में लेने लगता है। बताया जा रहा है कि इस दौरान नदी में नहा रहे कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाकर गाड़ी को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानलेवा साबित हो सकती थी मस्ती
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अगर एक बार गाड़ी का नियंत्रण छूट जाता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। थार भले ही ऑफ-रोडिंग के लिए बनी गाड़ी हो, लेकिन रामगंगा जैसी नदी के बीच में इस तरह की मस्ती जानलेवा साबित हो सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में नई थार खरीदने के बाद कुछ युवक उनकी रील बनाने के लिए रामगंगा नदी आए थे। बताया जा रहा है कि गाड़ियों का अब तक रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ था, इसलिए उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। फिलहाल पुलिस वाहन और उसके मालिकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोगों ने इस हरकत की निंदा करते हुए की और कहा कि चंद लाइक्स के लिए युवा अपनी जान क्यों खतरे में डाल रहे हैं? वहीं, कुछ ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 May 2026 at 11:01 IST