VIDEO: बाइक पर बैठी भाभी को लात-घूसे और चप्पलों से खूब पीटा, देवर ने साथियों के साथ मिलकर क्यों की ऐसी हरकत? ये है पूरा मामला
शहर के गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा 8 इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके ही देवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच सड़क पर बुरी तरह पीट डाला।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read
रिपोर्ट: गौरव त्रिवेदी
शहर के गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा 8 इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके ही देवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच सड़क पर बुरी तरह पीट डाला। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घर में हुए एक पारिवारिक विवाद के बाद पीड़ित महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर थाने की ओर शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। दोनों रास्ते में ही थे कि तभी महिला के देवर ने अपने दो-तीन साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया।
बीच सड़क पर ही अपनी भाभी पर हमला बोल दिया
आरोपियों ने बीच सड़क पर ही अपनी भाभी पर हमला बोल दिया। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी महिला को चप्पलों से मारते और लात-घूंसों से पीटते नजर आए। पति ने पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन तीन लोगों के आगे वह असहाय नजर आया।
घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने पूरे मामले को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सरेआम एक महिला के साथ मारपीट की जा रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने खड़े रहे।
पुलिस तक पहुंचा मामला
यह घटना गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा 8 इलाके की है। घरेलू कलह के चलते पहले से ही तनाव में चल रहा यह परिवार, अब इस सरेआम पिटाई की घटना के बाद और सुर्खियों में आ गया है। मामला गुजैनी थाने पहुंच चुका है और पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण, दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने कहा कि थाना गुजैनी क्षेत्रान्तर्गत सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला अपने पति और छोटी बच्ची के साथ बाइक से जाती हुई दिखाई दे रही है। रास्ते में उसके परिजनों जिसमें उसका देवर हेमंत शर्मा और उसका मित्र संदीप शामिल हैं, ने उन्हें रोककर महिला, उसके पति और बच्ची के साथ मारपीट की। घटना का संज्ञान लेते हुए थाना गुजैनी पर पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। दोनों नामजद अभियुक्तों, हेमंत शर्मा और संदीप को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 1 July 2026 at 17:50 IST