अपडेटेड 18 February 2026 at 21:09 IST
मौत का झूठा नाटक, दूसरी महिला संग चक्कर… पति से धोखा खाकर अपने घर लौटना चाहती है रूसी महिला, सोशल मीडिया पर लगाई गुहार
Russian Woman Olga: ओल्गा नाम की एक रूसी महिला एक दशक पहले अपना देश छोड़कर भारत आई थी और एक हिंदुस्तानी आदमी से शादी रचा ली लेकिन फिर वो आदमी ही उसे धोखा देकर चला गया।
Russian Woman Olga: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रूसी महिला की दर्द भरी दास्तां जमकर वायरल हो रही है। ओल्गा नाम की ये महिला लगभग एक दशक पहले प्यार की खातिर अपना देश छोड़कर भारत आई थी और एक हिंदुस्तानी आदमी से शादी रचा ली लेकिन फिर वो आदमी ही उसे धोखा देकर चला गया।
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे पोर्टल ने उनकी कहानी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की है। रूसी महिला ओल्गा ने कहा कि वो प्यार के लिए भारत आई थीं लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही प्यार उनके लिए एक पिंजरा बन जाएगा, जिससे वो आज भी निकलने की कोशिश कर रही हैं।
पति ने किया मौत का झूठा नाटक
ओल्गा 2015 में पीएचडी करने के लिए भारत आई थीं। वो उस लड़के से एक साल पहले ही मिल चुकी थीं और पूरी तरह उसके प्यार में डूबी हुई थी। 2019 तक दोनों की शादी हो गई। सब अच्छे से चल रहा था लेकिन फिर आया नवंबर 2023 और सब बदल गया। उन्होंने अपने स्पाउस वीजा के लिए अप्लाई किया था।
ओल्गा ने आगे कहा कि उनके पति को उनके वीजा के लिए केवल एक इंटरव्यू देना था लेकिन दो महीने बाद जनवरी 2024 में वो गायब हो गया। न अलविदा, न कोई सफाई। ओल्गा ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और छह महीनों तक, थाने के चक्कर कांटती रही। वो महीनों तक इस डर में जीती रही कि कहीं उसकी मौत न हो गई हो। वो भारत में बिना पैसों के अकेले फंस गई थीं। जिन दोस्तों ने उनकी मदद की, उन्हें भी इसके परिणाम भुगतने पड़े। उनका वीजा अटका हुआ था जिस वजह से वो भारत भी नहीं छोड़ सकती थी।
रूस लौटना चाहती है ओल्गा
ओल्गा जुलाई में इंस्टाग्राम चला रही थीं जब साधु के वेश में उन्हें अपना पति दिखा। वो वाराणसी में एक जापानी टूरिस्ट के पोस्ट में था। उसे पता था कि ओल्गा उसे मृत मान चुकी है। फिर जब वो लौटा तो उसने रूसी महिला से माफी मांगी और कहा कि उससे गलती हो गई थी। ओल्गा को उसपर यकीन हो गया और उन्होंने हिमाचल प्रदेश में नौकरी शुरू कर दी। हालांकि, उनका पति 15 किलोमीटर की दूरी पर ही किसी दूसरी महिला के साथ रह रहा था। फिर भी ओल्गा छह महीने तक उसे पैसे भेजती रही, उसके लिए खाना बनाया। जब उन्होंने अपने पति से इस बारे में पूछा तो उसने उनके बॉस को फोन कर कह दिया कि वो मानसिक रूप से बीमार है। इससे ओल्गा की नौकरी चली गई।
इस बीच, उन्होंने एक ताजा अपडेट दिया है। ओल्गा ने दावा किया कि वह आखिरकार रूस लौटने वाली थी लेकिन उन्हें फ्लाइट से उतार दिया गया क्योंकि उनके पति ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। वो जल्द से जल्द अपने घर लौटना चाहती हैं और सोशल मीडिया के जरिए अथोरिटी से मदद मांग रही हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 18 February 2026 at 21:09 IST