VIRAL VIDEO: बीच सड़क पर पुलिसवाले को घूसा मारा, फिर अपना रौब दिखाने लगा शख्स; बाद में बोला- भारी मिस्टेक हो गया सर, देखिए वीडियो
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान के साथ सरेआम मारपीट की गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस जवान के साथ सरेआम हाथापाई और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित जवान आईआरबी धौला कुआं में तैनात है और फिलहाल पांवटा साहिब के तारुवाला स्थित स्ट्रांग रूम में अपनी सेवाएं दे रहा है। बीते 3 मई की दोपहर, जब यह जवान अपनी ड्यूटी पर जा रहा था, तब गोंदपुर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी स्कूटी के आगे अचानक कट मारा। जब जवान ने गाड़ी चालक को ठीक से गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो आरोपी अपना आपा खो बैठा। आरोपी ने न केवल जवान के साथ बदसलूकी की, बल्कि उसके साथ हाथापाई की और उसका बैग छीनने की भी कोशिश की।
वीडियो तेजी से हो रहा वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सेफ दिख रहा है कि आरोपी गाड़ी को पुलिस जवान की स्कूटी के आगे रोककर खड़ा है। वीडियो में आरोपी जवान के साथ मारपीट कर रहा है, जबकि जवान हाथ जोड़कर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। इस दौरान आरोपी को यह कहते हुए सुना गया कि 'तू रोकने वाला कौन है?' वहीं मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने भी इस हंगामे को रोकने की कोशिश नहीं की। वहीं पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का नाम फरहान है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। वह पांवटा साहिब में एक फार्मा कंपनी में सिक्योरिटी ठेकेदार के तौर पर काम करता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी फरहान को गिरफ्तार कर लिया। उस पर कानून के तहत उचित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी हरकत के लिए माफी मांगता नजर आ रहा है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 6 June 2026 at 16:33 IST