अपडेटेड 16 March 2026 at 13:20 IST
LPG की किल्लत के बीच सिलेंडर वाले भैया बने 'देवता', कभी पानी भी नहीं पूछते थे, अब हो रहा है फूलों से स्वागत
जिस सिलेंडर वाले भैया को लोग कभी पानी भी नहीं पूछते थे, आज उनका घर में फूलों के साथ स्वागत किया जा रहा है। ऐसा ही एक वीडियो देश में LPG की किल्लत के बीच वायरल हो रहा है।
इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के कारण दुनिया भर में तेल और गैस चिंता का विषय बन गए है। हालांकि भारत सरकार दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। लेकिन कई लोगों ने गैस सिलेंडर अपने घर में जमा करके रख लिए हैं। इस कारण देश में LPG सिलेंडर लोगों को देरी से मिल रहा है। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अपना मासिक सिलेंडर बुक करने के बाद भी समय पर नहीं मिल पा रहा है।
आजकल अधिकतर घरों में लोग बस सिलेंडर वाले भैया का ही इंतजार कर रहे हैं कि कब भैया आए और उनके घर में नया सिलेंडर दे, ताकि खाने बनाने में कोई रुकावट ना आए।
अब तो हाल यह हो गया है कि जिस सिलेंडर वाले भैया को लोग कभी पानी भी नहीं पूछते थे, आज उनका देवता की तरह घर में स्वागत किया जा रहा है। वायरल वीडियो में मोहाली (पंजाब) के निवासी गोल्डी अरोड़ा और उनकी पत्नी अपने घर आ रहे सिलेंडर वाले भैया के स्वागत के लिए पहले से ही तैयार खड़े हुए हैं। वीडियो में जैसे ही पति घर का दरवाजा खोलता है, तो सामने सिलेंडर वाले भैया सिलेंडर उठाए खड़े होते हैं।
इस वीडियो का मजेदार सीन तब शुरू होता है, जब पति-पत्नी सिलेंडर वाले भैया के घर में आने पर उनका फूलों से स्वागत करते हैं। इस दौरान घर में अजय देवगन की फिल्म 'विजयपथ' का गाना ‘आईये आप का इंतजार था’ बज रहा होता है।
वीडियो में सिलेंडर वाले भैया अंदर आते हैं और पति-पत्नी उनका फूलों से स्वगत जारी रखते हैं। फिर पत्नी गाने के आगे की लाइन सिलेंडर वाले भैया के लिए गाती है-
"देर लगी आने में तुम को
शुक्र है, फिर भी आए तो
आस ने दिल का साथ ना छोड़ा
वैसे हम घबराए तो"
इसके बाद भैया घर में सिलेंडर रखते हैं और पति उनकी पीठ थप-थपाते हुए उनसे हाथ मिलाकर आभार जताता है। अंत में पति-पत्नी दोनों खुशी से मिलकर सिलेंडर उठाते हुए रसोई की ओर ले जाते हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 16 March 2026 at 12:52 IST