VIRAL VIDEO: कुरुक्षेत्र में ड्राइवर ने भरवाया 3,500 का डीजल, पैसा मांगा तो करने लगा दबंगई; कार के साथ 1 किलोमीटर तक घसीटा

Haryana Viral Video: सोशल मीडिया पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र की वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें एक शक्स पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए निकल गया। इसके अलावा वहां मौजूद सेल्समैन को अपनी कार के साथ करीब 1 किलोमीटर तक घसीटकर ले गया।

हरियाणा वायरल वीडियो | Image: X

Man Dragged Worker Viral Video: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार ड्राइवर डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए भागने की कोशिश करता है और पेट्रोल पंप के सेल्समैन को अपनी कार के साथ करीब 1 किलोमीटर तक घसीट ले जाता है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में शुगर मिल के पास मौजूद एक सरकारी पेट्रोल पंप की है। दोपहर के करीब 3:00 बज रहे थे, तभी एक सफेद रंग की वरना कार पंप पर आकर रुकी।

कार चला रहे शख्स ने  3,500 रुपये का डीजल भरवाया। उसके हाथ में 500-500 के नोटों की गड्डी थी, इसलिए सेल्समैन को कोई शक नहीं हुआ। जैसे ही डीजल भरने के बाद सेल्समैन पैसे लेने के लिए कार की खिड़की के पास पहुंचा, ड्राइवर ने अचानक कार स्टार्ट कर दी। सेल्समैन को समझ आ गया कि ड्राइवर बिना पैसे दिए भागने की फिराक में है। अपनी समझदारी दिखाते हुए उसने तुरंत ड्राइवर के बगल वाली सीट का दरवाजा खोला और कार के अंदर घुसकर सीट पर बैठ गया।

चलती कार में हाथापाई और जानलेवा सफर

सेल्समैन के कार में घुसने के बावजूद, बेखौफ ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और लाडवा की तरफ तेजी से कार दौड़ा दी। इसके बाद कार के अंदर जो हुआ, वह काफी डरावना था।  आरोपी ड्राइवर एक हाथ से स्टीयरिंग संभाल रहा था और दूसरे हाथ में उसने कैश को मजबूती से पकड़ रखा था। सेल्समैन लगातार उससे कार रोकने और पैसे देने की गुजारिश कर रहा था, लेकिन ड्राइवर ने कार की स्पीड और बढ़ा दी।
दोनों के बीच कैश को लेकर हाथापाई होने लगी। जब मामला बढ़ने लगा, तो सेल्समैन ने चेतावनी दी कि इस छीना-झपटी में कार पलट सकती है और दोनों की जान जा सकती है। ड्राइवर ने शर्त रखी कि अगर वह पैसे छोड़ देगा, तो वह कार रोक देगा। अपनी जान बचाने के लिए घबराए हुए सेल्समैन ने पैसे छोड़ दिए। लेकिन आरोपी ने अपना वादा नहीं निभाया; पंप से करीब 1 किलोमीटर दूर ले जाकर उसने सेल्समैन को चलती कार से बाहर धक्का दे दिया और खुद तेजी से फरार हो गया।

July 13, 2026

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

यह खौफनाक घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कार अचानक तेज स्पीड में भागती है, सेल्समैन उसे रोकने की कोशिश करता है और कार के पीछे धूल का गुबार उड़ने लगता है।

हैरानी की बात यह है कि इस सफेद वरना कार के आगे और पीछे, कहीं भी नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जो यह साफ इशारा करता है कि ड्राइवर पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम देने आया था।

सोशल मीडिया पर वायरल और पुलिस एक्शन

प्लेटफॉर्म X पर इस घटना के वीडियो को एक अकाउंट से शेयर किया गया है। यह अकाउंट मुख्य रूप से वायरल न्यूज और मीम्स के लिए जाना जाता है। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और इसे चंद घंटों में 35 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। लोग कमेंट्स में फ्यूल स्टेशन पर हो रही ऐसी खतरनाक चोरियों पर चिंता जता रहे हैं।

फिलहाल, पीड़ित सेल्समैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बिना नंबर प्लेट वाली इस कार और इसके शातिर ड्राइवर की तलाश कर रही है।

यह जरूर पढ़ें: Jasmine Sandlas Fiance: 'धुरंधर' फिल्म की सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने चुना अपना हमसफर, जानिए कौन हैं उनके मंगेतर शेखर चौधरी?
 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 13 July 2026 at 20:42 IST