'मेरे जाने के बाद तुम रोना मत', जब कैंसर से जूझते पिता ने बेटे को कहे ये लफ्ज, आखिरी बातचीत का VIDEO देख भर आएंगी आंखें
Emotional Viral Video: वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पिता ने अपने बच्चे से कुछ ऐसी बातें कही जिसे सुनकर आपकी आंखें भर आएंगी।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read
Emotional Viral Video: 'मेरे जाने के बाद तुम रोना मत' ये लफ्ज उस पिता ने अपने नन्हे बेटे से कहे जो कैंसर से जूझते हुए शायद अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है। पिता ने अपने बच्चे को जिंदगी की ऐसी सीख दी, जो उनके जाने के बाद भी ताउम्र उसके साथ रहेगी। इस वीडियो को देखने के बाद यकीनन आपकी भी आंखें भर आएंगी।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अस्पताल के बिस्तर पर है। उसे मालूम था कि उसकी बीमारी अब आखिरी पड़ाव में है, इसलिए उसने अपने कलेजे के टुकड़े को अपने पास बिठाकर जिंदगी की सीख देने का फैसला किया। पिता ने बड़े ही शांत और प्यार भरे अंदाज में बेटे को मां का कहना मानने और बहनों का ध्यान रखने की सलाह दी। पिता की आवाज में परिवार से बिछड़ जाने का दर्द और मन में उनके भविष्य की चिंता थी। पिता ने अपने मासूम बेटे से जो कुछ कहा उस पीड़ा को शब्दों में बयां कर पाना बेहद मुश्किल है।
'मेरे जाने के बाद मुझे मत ढूंढना'
शरीर से कमजोर हो चुके पिता ने अपने बेटे मंतरा से धीमी आवाज में कहा, 'बेटा अब तुम्हें बिल्कुल भी शैतानी नहीं करनी है। अपनी मम्मी की बात हमेशा सुनना है। वो जो भी कहे उसे मानना। अपनी दोनों बहनों का हमेशा ख्याल रखना और उनकी रक्षा करना।' पिता की ये बातें शायद नन्हा सा मंतरा समझ नहीं पा रहा था। लेकिन वो बड़े ही ध्यान से उनकी हर बात सुन रहा था और मासूमियत भरे अंदाज में सिर हिलाकर हां में जवाब दे रहा था।
जब कलेजा चीर देने वाला पल आया
इस पूरे पल के दौरान पिता की एक बात ने हर किसी का कलेजा चीर दिया। पिता ने बेटे को समझाते हुए कहा कि मेरे जाने के बाद तुम मत रोना। किसी से ये नहीं पूछना की पापा कहां चले गए। बस इतना याद रखना कि जब भी तुम मुझे याद करोगे, मैं वही तुम्हारे आसपास ही मिलूंगा। गंभीर बीमारी से लड़ रहे पिता के मुंह से निकले एक-एक शब्द इंसान को अंदर तक तोड़ देने के लिए काफी है। इस वीडियो को देखने के बाद आपकी आंखें नम होनी तय है।
वीडियो को @WokePandemic नामक एक्स हैंडल से शेयर किया गया है, जिसके कैप्शन में लिखा है, 'पिता की अपने बेटे से एक आखिरी बातचीत।' वीडियो को खबर लिखे जाने तक 380.4K बार देखा जा चुका है।
'...इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता'
वहीं कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगी हुई है। एक यूजर ने लिखा, 'मजबूत पिता, मजबूत बच्चा... जिंदगी का कोई भरोसा नहीं... परिवार और बच्चों के साथ हर पल जिएं, क्योंकि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता... भगवान पूरे परिवार को हिम्मत दें।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'ओह, ये सुनकर मेरा दिल टूट गया। किसी बच्चे के साथ इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'उस मासूम बच्चे को तो ये भी नहीं पता कि वो क्या खोने वाला है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 1 August 2026 at 12:45 IST