VIDEO: 'DM अंकल सड़क बनवा दीजिए...', बाराबंकी की मासूम बच्ची ने किया डिमांड; वीडियो हो रहा VIRAL
सोशल मीडिया पर एक बच्ची का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेहद मासूमियत और बेबाकी से सीधे जिला अधिकारी से अपनी समस्या के समाधान की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में बच्ची की अपनी बात रखने के निडर अंदाज ने नेटिजन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक नन्हीं बच्ची का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के क्रिस्टल गार्डन के पास रहने वाली इस मासूम ने जिले के जिलाधिकारी से सीधे अपने इलाके की सड़क ठीक कराने की अपील की है। वीडियो में वह बड़ी मासूमियत से कहती है, 'डीएम अंकल, हमारे घर की रोड बनवा दीजिए। बहुत बड़े गड्ढे हैं। पानी भर जाता है। हम डूब गए थे।'
वायरल वीडियो ने ध्यान खींचा
बच्ची का यह वीडियो सामने आते ही लोगों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर गया है। वीडियो में वह अपने घर के सामने जर्जर सड़क, बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से जुड़ी परेशानियों को बयां कर रही है। बच्ची का कहना है कि जलभराव के कारण आने-जाने में भारी दिक्कत होती है और हादसों का डर बना रहता है।
साहस की तारीफ और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोग नन्हीं बच्ची के साहस और बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं। उनका मानना है कि इतनी छोटी उम्र में जनसमस्या को इतने स्पष्ट ढंग से उठाना प्रेरणादायक है। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। यूजर्स कमेंट कर प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि मासूमों को राहत मिल सके।
सड़क की जर्जर हालत और जलभराव
बाराबंकी के अर्ध-शहरी और ग्रामीण इलाकों में बारिश के समय जर्जर सड़कें और जलभराव एक बड़ी समस्या बन जाती हैं। इससे स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रोज जूझना पड़ता है। हालांकि, अभी तक इस मामले पर प्रशासनिक अधिकारियों की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि डीएम इस मासूम गुहार का संज्ञान लेकर जल्द सड़क मरम्मत का काम शुरू करवाएंगे।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 28 August 2026 at 12:45 IST