अपडेटेड 9 December 2025 at 07:45 IST
बैंड-बाजा, बारात, भोज से लेकर विदाई तक... लड़की ने भगवान कृष्ण को सौंपा जीवन, कान्हा संग लिए 7 फेरे; चर्चा में ये अनोखी शादी
बदायूं में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई है। यहां एक लड़की ने कान्हा संग ब्याह रचाया। बारात, जयमाल से लेकर फेरे तक... सभी रस्में रीति-रिवाजों के साथ पूरी की गईं।
Girl Marries Lord Krishna: यूपी के बदायूं में भक्ति और आस्था का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला है। यहां एक पिंकी शर्मा नाम की लड़की ने भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा को अपना जीवनसाथी चुना और विवाह किया। साथ ही सात फेरे भी लिए। अब इस शादी की चर्चा तेजी से हो रही है।
शादी की रस्में रीति-रिवाजों के साथ पूरी कराई गई। गांव वालों में इस विवाह को लेकर खूब उत्साह देखने को मिला। पूरे गांव ने घराती की भूमिका अदा की। इसके अलावा बारात भी धूमधाम से निकाली गई। पिंकी के जीजा इंद्रेश बाराती की भूमिका में रहे। लोगों ने गाजे-बाजे के साथ शादी का जश्न मनाया।
बारात, जयमाल और फेरे…
दरअसल, ये अनोखी शादी बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव ब्यौर कासिमाबाद में हुई। परिवार ने बेटी की खुशी को महत्व देते हुए सभी पारंपरिक रस्में निभाई। इसके तहत शादी वाले घर की अच्छी सजावट की गई, बारात निकाली गई और जयमाल के साथ सात फेरे भी हुए। पिंकी ने श्री कृष्ण की प्रतिमा को गोद में लेकर सात फेरे लिए।
पिंकी ने ‘कान्हा’ संग क्यों रचाई शादी?
पिंकी के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी ने भगवान कृष्ण की मूर्ति से विवाह करने का फैसला एक 'चमत्कार' के बाद लिया, जो लगभग तीन महीने पहले बांके बिहारी मंदिर में हुआ था।
चंदौसी के एक कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएट पिंकी शर्मा किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। परिवार की वृंदावन में गहरी आस्था है। उनके पिता सुरेश चंद्र शर्मा के मुताबिक, उनका परिवार तकरीबन 4 सालों से वृंदावन जा रहा है। घर पर भी हर दिन पूजा-अर्चना होती है। परिवार पिंकी के लिए एक अच्छे वर की कामना कर रहा था। लेकिन पिंकी का साफ कहना रहा कि जब श्री कृष्ण की मर्जी होगी तभी उनकी शादी होगी।
'वृंदावन यात्रा के दौरान पूरी हुई मनोकामना'
सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि परिवार की ये मनोकामना हाल ही में वृंदावन यात्रा के दौरान पूरी हुई। उन्होंने दावा किया कि पिंकी बांके बिहारी के सामने अपने हाथ फैलाए खड़ी थी कि तभी उन्हें प्रसाद के साथ एक अंगूठी मिली। इसे परिवार ने एक दिव्य संकेत मानकर स्वीकार कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिर महज 10 दिन पहले ही सुरेश अपने दामाद इंद्रेश संग वृंदावन गए और श्री कृष्ण की प्रतिमा लेकर घर लौटे। इंद्रेश ने वृंदावन में वर पक्ष की रस्में पूरी कर ली थी। शादी के लिए पंडाल लगा, हिंदू विवाह की रस्में निभाई गईं और भोजन भी परोसा गया। पिंकी का कहना है कि उन्होंने अपना जीवन भगवान कृष्ण को सौंप दिया है। अब उनके जीवन में जो होगा, उनकी इच्छानुसार होगा।
विदाई के बाद कहां रह रही पिंकी?
सुरेश का कहना है कि पिंकी फिलहाल अपनी बड़ी बहन और बहनोई के घर रह रही हैं। सुरेश के अनुसार, अभी उनके पास पैसों की कमी है। लेकिन वो बेटी के लिए वृंदावन में ही एक छोटे से घर का प्रबंध करेंगे।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 9 December 2025 at 07:45 IST