कलयुगी मां की करतूत...फरीदाबाद में 18 महीने की मासूम को नाले में फेंका, रोंगटे खड़े कर देगा CCTV फुटेज
फरीदाबाद के सेक्टर-30 स्थित क्राइम ब्रांच की टीम ने एक पेचीदा मामले को सुलझाते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। यहां एक मां ने अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बच्ची को जिंदा नाले में फेंक कर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज खुलासे ने न केवल पुलिस प्रशासन, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना तीन दिन पहले की है। पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच स्थित 'बुढ़िया नाले' में एक छोटी बच्ची का शव बरामद हुआ था। शव नाले के किनारे लगे एक लोहे के जाल में फंसा हुआ था। सबसे पहले वहां से गुजर रहे दो स्कूली बच्चों की नजर इस पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
शुरुआत में इसे एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जब क्राइम ब्रांच ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, तो हकीकत कुछ और ही निकली। फुटेज में बच्ची की मां उसे गोद में लेकर नाले की ओर जाती दिखाई दी, लेकिन जब वह वापस लौटी तो उसकी गोद खाली थी। इसी संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी महिला ने बताया कारण
पुलिस जांच में बताया जा रहा है कि आरोपी महिला और उसका पति झुग्गियों में रहते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और मृत बच्ची परिवार की छठी संतान है, इससे पहले उसकी पांच और बहनें हैं। इसी तंगी के कारण उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 27 April 2026 at 12:19 IST