अपडेटेड 16 October 2025 at 06:49 IST
Youtube Down : Google की वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं पर असर, Youtube Music और Youtube TV की सेवाएं ठप, लाखों यूजर्स प्रभावित
Youtube Down : Youtube मंगलवार दोपहर से तकनीकी खराबी का सामना कर रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अपनी निराशा जाहिर की है। यूजर्स की 54 प्रतिशत शिकायतें वीडियो और म्यूजिक स्ट्रीमिंग से संबंधित बताई जा रही हैं।
दुनिया का सबसे लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म Youtube मंगलवार दोपहर से तकनीकी खराबी का सामना कर रहा है। इस आउटेज के कारण लाखों यूजर्स को वीडियो देखने, अपलोड करने और स्ट्रीमिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डाउनडिटेक्टर जैसी मॉनिटरिंग वेबसाइट्स के अनुसार, अमेरिका में मुख्य रूप से प्रभावित यूजर्स की संख्या 2 लाख से अधिक हो चुकी है, जबकि दूसरे देशों में भी शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
Youtube यूजर्स के साथ यह समस्या 15 अक्टूबर को दोपहर के समय शुरू हुई थी, जब यूजर्स ने अचानक प्लेटफॉर्म लोड न होने की शिकायतें करना शुरू कर दीं। डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 4:28 बजे तक लगभग 1.28 लाख यूजर्स ने यूट्यूब से जुड़ी दिक्कतों की रिपोर्ट की। बाद में यह संख्या बढ़कर 2 लाख से ऊपर पहुंच गई। Youtube Music और Youtube TV जैसी सेवाएं भी ठप हो गईं। Youtube Music की 4,800 से अधिक और Youtube TV की 2,300 से ज्यादा रिपोर्ट्स दर्ज हुईं।
अमेरिका में सबसे ज्यादा नुकसान
यूजर्स की 54 प्रतिशत शिकायतें वीडियो और म्यूजिक स्ट्रीमिंग से संबंधित बताई जा रही हैं, जिसमें वीडियो प्ले न होना, ऐप क्रैश होना और लोडिंग में देरी जैसी समस्याएं मुख्य हैं। अमेरिका को इस आउटेज का सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है, जहां लाखों लोग दैनिक जीवन में यूट्यूब पर निर्भर रहते हैं, चाहे वह मनोरंजन के लिए हो, शिक्षा के लिए या फिर लाइव स्ट्रीमिंग के लिए।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अपनी निराशा जाहिर की है, कुछ ने मजाकिया मीम्स शेयर किए तो कुछ ने वैकल्पिक प्लेटफॉर्म्स की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, गूगल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है और समस्या के समाधान पर कोई अपडेट नहीं मिला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह सर्वर का इश्यू हो सकता है, जो जल्द ठीक हो जाएगा।
यूट्यूब जैसी वैश्विक सेवाओं की खराबी न केवल यूजर्स को प्रभावित करती है, बल्कि कंटेंट क्रिएटर्स और एडवरटाइजर के लिए भी नुकसानदेह साबित होती है। पिछले कुछ महीनों में गूगल की सेवाओं में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जो डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती पर सवाल उठाती हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 16 October 2025 at 06:30 IST