अपडेटेड 13 March 2026 at 10:26 IST
Tata Sierra: बरकरार है टाटा की धुरंधर कार का जलवा, आज बुक की तो अब के बरस मिलेगी सावन में
टाटा सिएरा गाड़ी को कंपनी ने नवंबर 2025 में लॉन्च किया था। अपने लॉन्च के बाद के पहले 3 महीनों में कंपनी ने कुल 14,103 Tata Sierra की डिलीवरी कर दी है।
टाटा मोटर्स की धुरंधर कार Tata Sierra का जलवा बरकरार है। कंपनी ने इस साल के जनवरी में 7003 गाड़ियों की डिलीवरी की थी। जिसके बाद फरवरी के महीने में कंपनी ने थोड़ा और आगे बढ़ते हुए 7100 गाड़ियों की डिलीवरी की है। इससे अपने लॉन्च के बाद के पहले 3 महीनों में कंपनी ने कुल 14,103 Tata Sierra की डिलीवरी कर दी है।
टाटा सिएरा गाड़ी को कंपनी ने नवंबर 2025 में लॉन्च किया था। गौरतलब है कि बुकिंग के पहले ही दिन टाटा की इस मिड साइज़ SUV को 70 हजार यूनिट से ज्यादा की बुकिंग मिली थी। जिसके बाद इस वर्ष 15 जनवरी से गाड़ी की डिलीवरी शुरू हुई थी। हालांकि बुकिंग अब तक तक एक लाख के पार पहुंच चुकी है। इससे Tata Sierra की डिलीवरी का समय अब और भी बढ़ चुका है।
अब कब मिलेगी Tata Sierra
टाटा सिएरा का वेटिंग टाइम अब 5 महीने बताया जा रहा है। हालांकि अभी भी बुकिंग जारी है जिसे देखते हुए वेटिंग टाइम और भी बढ़ सकता है। इसलिए अगर आज चैत्र महीने में Tata Sierra बुक करेंगे तो सावन के महीने में गाड़ी की डिलीवरी मिलेगी। टाटा ने यह भी बताया है कि कंपनी सिएरा के निर्माण में बढ़ोतरी करने में जुटी हुई है ताकि ग्राहकों को जल्द से जल्द गाड़ी की डिलीवरी दे सकें।
टाटा ने सिएरा में आकर्षित डिजाइन, प्रीमियम फीचर्स, मजबूत सेफ्टी के साथ इसकी कीमत भी ऐसी रखी जिससे यह Hyundai Creta, Mahindra Scorpio N के साथ Kia Seltos जैसी गाड़ियों को कड़ी टक्कर दे रही है।
Tata Sierra के फीचर्स
Tata Sierra का बॉक्सी डिजाइन, LED लाइट बार, फ्लश डोर हैंडल्स और शानदार कलर्स इसका सबसे बड़ा आकर्षण है। गौरतलब है कि यह गाड़ी अपने सेगमेंट की सबसे लंबे व्हीलबेस, ऊंचाई, चौड़ाई और बूट स्पेस वाली SUV भी है। टाटा ने सिएरा को अंडमान एडवेंचर (येलो), कूर्ग क्लाउड्स (सिल्वर), बंगाल रॉग (रेड), मुन्नार मिस्ट (ग्रीन-ग्रे), प्रिस्टाइन वाइट, और प्योर ग्रे जैसे 6 आकर्षक कलर्स में उपलब्ध है।
इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रिक टेलगेट और 6 एयरबैग्स लगाए गए हैं। टाटा ने ADAS के साथ ही गाड़ी के 2 पेट्रोल और एक डीजल इंजन के विकल्प ग्राहकों के लिए रखे हैं। इसके अलावा गाड़ी में ट्रिपल स्क्रीन, डॉल्बी एटमॉस साउन्ड मिलती है। माइलेज की बात करें तो Tata Sierra पेट्रोल वेरिएंट में 16-18 kmpl और डीजल वेरिएंट में 18-20.5 kmpl मिलती है।
Tata Sierra की कीमत
Tata Sierra के पेट्रोल वेरिएंट्स की एक्स शोरूम कीमत 11.49 लाख रुपये से शुरू होकर 20.99 लाख रुपये तक जाती है। वहीं डीजल वेरिएंट्स की एक्स शोरूम कीमत 12.99 लाख रुपये से शुरू होकर 21.29 लाख रुपये तक जाती है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 13 March 2026 at 10:10 IST