अपडेटेड 19 February 2026 at 11:16 IST
India AI Impact Summit 2026: हाय राम Robots का है जमाना...,एआई समिट में इन 2 रोबोट ने मचाई धूम; एक है इंडियन
India AI Impact Summit 2026 में हम आपको इस सम्मेलन के 2 सबसे खास रोबॉट्स के बारे में बताने जा रहे हैं ।
India AI Impact Summit 2026: दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में पूरी दुनिया भर से टेक प्रेमियों का तांता लगा हुआ है। इस सम्मेलन में कई रोबॉट्स को दिखाया जा रहा है जो लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन रहा है। यहां कंपनियों ने ऐसे रोबोट पेश किए हैं जिन्हें देख लगता है कि अब वो दिन भी दूर नहीं जब हम अपने आस पास रोबोट को चलते-फिरते काम करते देखेंगे। रिपब्लिक भारत भी एआई समिट पहुंचा और वहां हमने रोबॉट्स का अनुभव लिया। अब हम आपको बताने जा रहे हैं इस सम्मेलन के 2 सबसे खास रोबॉट्स के बारे में।
Qualcomm Booster K1 रोबोट काम के साथ मनोरंजन भी करेगा
भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 में Qualcomm के पवेलियन पर Booster K1 रोबोट ने तो सभी को दीवाना बना दिया है। यह रोबोट न सिर्फ इंसानों की तरह काम कर सकता है बल्कि यह नाच कर लोगों का मनोरंजन भी करता है। Qualcomm ने रोबोट को इसी वर्ष जनवरी में अमेरिका के लास वेगस में आयोजित Consumer Electronic Show में पहली बार दिखाया था। कंपनी ने इसके लिए एक खास Dragonwing IQ-10 प्रोसेसर का निर्माण किया है जो ह्यूमनॉइड रोबोट्स और एडवांस Autonomous Mobile Robots (AMR) को ध्यान में रखकर किया है। यह रोबोट दिखने में एक छोटे बच्चे की तरह लगता है जो AI टेक्नोलॉजी के जरिए धीरे-धीरे सीखते हुए और बेहतर होता जाएगा। 
पवेलियन पर मौजूद क्वालकॉम की रोबोट और ऑटोमोटिव की मार्केटिंग लीड श्रेष्ठा जैन ने बताया कि यह रोबोट वॉयस कमांड पर काम ना करके रिमोट कंट्रोल के जरिए काम करता है। यह इंडस्ट्री में तो अच्छे से काम कर ही सकता है लेकिन ये डांस कर लोगों का मनोरंजन भी बढ़िया से करता है। हमने खुद देखा कि ये रोबोट ठुमके लगाने में किसी बॉलीवुड हीरो से कम नहीं है।
Jio का रोबोट एक कमांड पर करेगा सारे काम
हॉल नंबर 4 में ही Jio का भी पवेलियन है जहां पीएम मोदी भी गए थे। रिलायंस जियो ने भी अपने ह्यूमनॉइड रोबोट का प्रदर्शन किया। यह रोबोट VLA (विजन, लैंग्वेज और एक्शन) फॉर्मेट पर काम करता है। विजन से यह देखने का काम करता है, लैंग्वेज से यह हमारी कमांड समझता है और एक्शन से यह वो काम करता है जिसकी कमांड हम इसे देंगे। Jio ने पवेलियन में हमें दिखाया कि रोबोट को एक दवाई के डिब्बे को लाने की कमांड दी। इसके बाद रोबोट गया और डिब्बा टेबल से उठाकर हमारे पास ले आया। यह AI से धीरे धीरे और भी चीज़े सीखता रहेगा। जियो ने बताया है अभी ये शुरुआती स्टेज पर है जिस कारण अभी इसे बाज़ार में लॉन्च नहीं करने जा रहे। लेकिन भविष्य में इसे लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के अनुसार इस रोबोट का प्रयोग घर पर बुजुर्गों के लिए किया जा सकेगा ताकि परिवार के सदस्यों की गैर-हाजिरी में भी बुजुर्ग लोगों को कोई परेशानी न हो।
इसे भी पढ़ें- Apple Event 2026: होने जा रहा है साल का पहला ऐप्पल इवेंट, होली पर लॉन्च होगा iPhone 17e?
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 19 February 2026 at 11:03 IST