Oppo Reno 15C Review: वजन में हल्का, फीचर्स में दमदार, वॉटरप्रूफ फोन से पानी में भी बनेगी Reels
Oppo Reno 15C को कंपनी ने मुझे रिव्यू के लिए भेजा। मैंने करीब 25 दिन इस्तेमाल कर जाना कि ये कैसा स्मार्टफोन है। अब इस फोन के साथ मेरा जो अनुभव रहा वो मैं आपको इस रिव्यू के अंदर बताने जा रहा हूं।
कृतार्थ सरदाना। Oppo Reno 15C भारतीय बाजार में फरवरी में उपलब्ध हुआ था। यह कंपनी का अपर मिड रेंज फोन है जिसके 8 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज और 12 जीबी रैम +512 जीबी स्टोरेज जैसे 2 वेरिएंट आते हैं। 8 GB वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये और 12 GB वेरिएंट की कीमत 37,999 रुपये है। कंपनी ने मुझे भी यह फोन रिव्यू के लिए भेजा। मैंने करीब 25 दिन इस्तेमाल कर जाना कि ये कैसा स्मार्टफोन है। अब इस फोन के साथ मेरा जो अनुभव रहा वो मैं आपको इस रिव्यू के अंदर बताने जा रहा हूं।
बॉक्स में क्या क्या है
Oppo Reno 15C के डिब्बे में फोन के साथ 80W का चार्जर (एडाप्टर और डेटा केबल), स्क्रीन टेंपर (फोन पर लगा हुआ), सिलिकॉन बैक कवर, सिम टूल और फोन को लेकर कुछ डॉक्युमेंट मिलते हैं। यानि फोन खरीदने पर आपको सब कुछ साथ में ही मिलेगा, अलग से कुछ नहीं लेना होगा।
कैसा है डिजाइन
चीनी कंपनी का यह फोन Afterglow Pink और Twilight Blue जैसे 2 कलर्स में आता है। कंपनी ने मुझे यह फोन Afterglow Pink कलर में भेजा है। ओप्पो ने फोन में यह कलर लड़कियों को ध्यान में रखते हुए रखा है इसलिए यह उनको काफी पसंद आएगा।
Oppo Reno 15C फोन में 6.57 इंच की स्क्रीन साइज दी गई है। फोन की मोटाई 8.1 एमएम और वजन 195 ग्राम है। Oppo Reno 15C वजन में हल्का है। इस कारण फोन को लंबे समय तक हाथ में पकड़े रहने में कोई परेशानी नहीं होती।
फोन की बैक साइड पर ग्लास पैनल लगाया गया है तो वहीं चारों फ्रेम्स के निर्माण में मेटल का प्रयोग किया गया है। फ्रंट स्क्रीन को Corning गोरिल्ला ग्लास सुरक्षा प्रदान करता है। बैक साइड पर कैमरा मॉड्यूल को एक स्क्वायर में जगह दी गई है जिसके ऊपर Reno AI Camera की ब्रांडिंग हो रखी है। इस स्क्वायर के अंदर स्टरलाइट फ्रेम लगाया गया है जिसका बॉर्डर फोन के कलर After Glow Pink के नाम के अनुसार ही ग्लो करता रहता है।
फोन की बैक साइड पर नीचे की तरफ Oppo की ब्रांडिंग हो रखी है। इस फोन की राइट साइड पर वॉल्यूम रॉकर्स और पावर/ जेमिनी बटन मिलता है। तो वहीं लेफ्ट साइड पूरी खाली रखी गई है। बॉटम साइड पर सिम ट्रे, माइक्रोफोन, टाइप सी जैक और स्पीकर ग्रिल्स मौजूद है। और टॉप साइड में दूसरे माइक्रोफोन के साथ एक स्पीकर और एक सेंसर लगाया गया है।
यूं तो Oppo Reno 15C का डिजाइन अच्छा है, लेकिन कैमरा बंप के कारण टेबल पर पड़े हुए टच करने पर फोन थोड़ा से हिलता जरूर है।
डिस्प्ले कैसा है
Oppo Reno 15C स्मार्टफोन में 6.57 इंच की स्क्रीन लगाई गई है जिस पर OLED डिस्प्ले मिलता है। इस फोन में 2372 × 1080 पिक्सल पर फुल एचडी रेजोल्यूशन मिलता है। इस फोन में 120 hz के रिफ्रेश रेट के साथ 1.07 बिलियन कलर्स दिखते हैं।
मैंने डिस्प्ले की जांच करने के लिए ओप्पो रेनो 15सी में जुबिन नौटियाल के माता के भजन सुनें। तो वहीं Dhurandhar The Revenge फिल्म का ट्रेलर भी देखा। इसके साथ ही फोन में Republic World, Republic Bharat के साथ Narendra Modi चैनल भी देखा। यह सब Oppo Reno 15C में देखने में काफी अच्छे लगे।
इस फोन में काफी पतले बेज़ेल लगाए गए हैं, जिससे स्क्रीन पर डिस्प्ले ज्यादा बेहतर मिलता है। फिर फोन में 1400 निट्स की पीक ब्राइटनेस के कारण सब कुछ बहुत शानदार दिखता है।
परफॉर्मेंस दमदार है या नहीं
ओप्पो ने इस फोन में Snapdragon 6 Gen 1 प्रोसेसर लगाया गया है। यह प्रोसेसर पुराना है जो 2023 से स्मार्टफोन में आना शुरू हुआ था। बहुत सारी कंपनियां अपने मिड रेंज फोन में यही प्रोसेसर लगाती रही है। इसका antutu स्कोर भी ठीक है। लेकिन अच्छा होता अगर कंपनी कोई लेटेस्ट प्रोसेसर लगाती क्योंकि दिन पर दिन नई नई गेम्स या उनके अपडेट्स आते हैं जिससे फोन की बेहतर परफॉर्मेंस की मांग बढ़ जाती है।
हालांकि Oppo Reno 15C फोन में हैंग की समस्या नहीं मिली। मैंने इस फोन में 5 ऐप्स खोले हुए Shadow 4 Arena जैसी गेम खेलकर देखी लेकिन गेम में कोई लैग नहीं आया। मेरे पास इस फोन का 8 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज वाला वेरिएंट आया है। इसमें 8 GB की एक्सपेंडेबल रैम का भी विकल्प भी मिलता है।
यह फोन Android 16 पर आधारित Color OS 16 के साथ लॉन्च हुआ है। फोन का ओएस काफी अच्छा है। इसमें स्टेटस बार में बैटरी आदि के नोटिफिकेशन मिलते हैं। फोन में बैनर नोटिफिकेशन भी मिलते हैं जो वीडियो या गेम खेलते हुए स्क्रीन के टॉप पर आकर चले जाते हैं।
Oppo Reno 15C स्मार्टफोन में कोई भी फाइल शेयर करने के लिए एक मिनी विंडो उसी ऐप में खुल जाती है। जैसे अगर कोई फोटो WhatsApp पर शेयर करनी है तो उस फोटो के ऊपर ही मिनी विंडो में व्हाट्सऐप खुल जाएगा। यूजर्स वही से फोटो को शेयर कर सकते हैं। यही अच्छा फीचर है जिससे यूजर्स को मल्टी टास्किंग मिलती है।
ओप्पो के इस फोन में करीब 25 ऐप्स प्री इंस्टॉल मिलती हैं। इनमें से अधिकतर मेरे काम की नहीं थी इसलिए मुझे ये पसंद नहीं आई। आप इन ऐप्स को अनइंस्टॉल भी सकते हैं।
Oppo Reno 15C फोन को IP69 की रेटिंग मिली है जो इसे पानी और धूल-मिट्टी से सुरक्षित रखने के लिए प्रमाणित करती है। यह वॉटरप्रूफ फोन जो पानी के अंदर डालने पर भी खराब नहीं होगा। हालांकि इसका यह मतलब भी नहीं है कि आप रोज फोन को
कैमरा कैसा लगा
इस स्मार्टफोन में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिलता है जिसमें 50 MP का मेन बैक कैमरा, 8 MP का दूसरा अल्ट्रा वाइड कैमरा और 2 MP का तीसरा मैक्रो कैमरा शामिल है। फोन में 50 MP का फ्रंट कैमरा लगाया गया है जिससे अच्छी खासी सेल्फी ली जा सकती है। फोन में रियर और फ्रंट दोनों कैमरा से 4K पर शूटिंग की जा सकती है। इसके साथ ही फोन में अंडर वॉटर फोटोग्राफी भी 4K मोड में मिलती है।
हालांकि मैंने अंडरवाटर फोटोग्राफी को तो नहीं आजमाया। लेकिन ओप्पो के इस फोन से मैंने कुछ फोटो जरूर खींची जिन्हें मैं यह बिना किया फिल्टर के पोस्ट कर रहा हूं ताकि आप फोन के कैमरा क्वालिटी को जान सकें।
हालांकि अगर आपकी फोटो में किसी तरह की कमी रह गई हो तो फोन में मौजूद AI Editor आपकी फोटो को काफी बेहतर बना सकता है। इस फोन में AI Portrait Glow का एक अच्छा फीचर मौजूद है। इस फीचर में Natural Light, Flashlight, Rim Light और Studio Light जैसे मोड होते हैं जिनसे आपकी फोटो बेहद खराब लाइट में खींचने के बावजूद भी बेहतरीन की जा सकती है।
Oppo Reno 15C में Dual View Video का नया और गजब का फीचर दिया गया है। इस फीचर से बैक और फ्रंट दोनों कैमरा से एक साथ रिकॉर्डिंग की जा सकेगी। यह फीचर Vlog और इंटरव्यू लेने वाले क्रियेटर्स के लिए बेहद काम का फीचर है। मैंने भी इस फीचर को इस्तेमाल कर देखा है। इस दौरान फोन की स्क्रीन 2 भाग में बट जाती है। स्क्रीन के एक हिस्से में बैक कैमरा और एक पर फ्रंट कैमरा ऑन रहता है। आप दोनों कैमरों से शूटिंग कर बाद में अपने अनुसार एडिटिंग कर सकते हैं।
AI फीचर्स की हैं भरमार
कैमरा के अलावा इस फोन में और भी कई AI फीचर्स दिए गए हैं। AI Call Translate फीचर मुझे सबसे अच्छा लगा जो कॉल को रियल टाइम में ट्रांसलेट कर आपको अपनी भाषा में कॉल को सुनाता है। इसके साथ ही एआई कॉल समरी से फोन पर की गई बात को टेक्स्ट में पा सकते हैं।
बैटरी
Oppo Reno 15C फोन में 7000 mah की बड़ी बैटरी लगाई गई है। मैंने इस फोन के डिस्प्ले में ऑटो ब्राइटनेस ऑन रखी थी। इस फोन के साथ 80 W का चार्जर भी मिलता है जो एक और अच्छी बात है।
रिव्यू के दौरान 100 प्रतिशत बैटरी के साथ सामान्य रूप से इस्तेमाल करने पर फोन 2 दिन का बैकअप देता है। जब मैंने सामान्य से अधिक यानि 3 घंटे तक वीडियो और 1 घंटे तक गेम खेली तब भी फोन दिन भर आराम से चला और रात तक भी 20 प्रतिशत बैटरी बची थी। सबसे अच्छी बात यह भी है कि बैटरी ड्रॉप बहुत धीरे धीरे होता है। इस फोन में रिवर्स चार्जिंग का फीचर भी मिलता है जिससे ईयरबड्स या अन्य कोई गैजट चार्ज किया जा सकता है।
खास बात यह भी है कि इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद Oppo Reno 15C को 80 W के चार्जर से फुल चार्ज करने में सिर्फ एक घंटा लगता है। बैटरी सेगमेंट फोन के सबसे आकर्षित फीचर में से एक है।
मेरा फैसला
Oppo Reno 15C में कंपनी ने कई अच्छे फीचर्स दिए हैं जिनमें शानदार डिजाइन, दमदार डिस्प्ले, बढ़िया कैमरा, तगड़ी बैटरी और अच्छा OS शामिल है। हालांकि फोन का प्रोसेसर अगर लेटेस्ट होता तो बहुत अच्छा होता। लेकिन यह एक वॉटरप्रूफ स्मार्टफोन भी है जिससे पानी के अंदर भी फोटो-वीडियो बनाने की सुविधा मिलती है। इस फीचर्स के कारण क्रियेटर्स पानी के अंदर रील्स भी बना सकते हैं।
इस फोन को खरीदने के लिए 35 से 38000 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। हो सकता है कि आपको इस फोन की कीमत थोड़ी ज्यादा लगे। लेकिन यह भी सच है कि इस फोन में आपको कई सारे AI फीचर्स भी मिल रहे हैं जो फोन को ही नहीं आपको भी स्मार्ट बना देंगे।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 14 April 2026 at 14:48 IST