अपडेटेड 13 March 2026 at 15:17 IST
Airtel ने जम्मू कश्मीर के इस क्षेत्र में शुरू किया मोबाइल नेटवर्क
भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Bharti Airtel ने जम्मू कश्मीर में अपने नेटवर्क का विस्तार जम्मू कश्मीर के मारवाह क्षेत्र में करने की घोषणा की है।
भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Bharti Airtel ने जम्मू कश्मीर में अपने नेटवर्क का विस्तार जम्मू कश्मीर के मारवाह क्षेत्र में करने की घोषणा की है। बता दें कि मारवाह, जम्मू कश्मीर में एक सुदूर स्थित इलाका है जो किश्तवाड़ और अनंतनाग को जोड़ता है। इस इलाके में नेटवर्क प्रदान करने वाली एयरटेल देश की पहली और एकमात्र कंपनी बन गई है।
यह इलाका न केवल रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है बल्कि यहां तक पहुंचना भी बेहद कठिन माना जाता है। मारवाह क्षेत्र ऊबड़-खाबड़ पहाड़ों के बीच बसा है। यहां किश्तवाड़ और अनंतनाग तक जाने के लिए सड़क मार्ग सीमित समय के लिए ही खुला रहता है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण यह इलाका बाकी क्षेत्रों से कट जाता है। लेकिन फिर भी तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए एयरटेल ने केंद्र शासित प्रदेश के इस मारवाह क्षेत्र में अपना नेटवर्क शुरू किया।
इस इलाके में एयरटेल द्वारा हाई-स्पीड नेटवर्क शुरू किया जाना एक बड़ा बदलाव है, जिससे देश के सबसे कठिन इलाकों में से एक में रहने वाले लोगों, सुरक्षा बलों और पर्यटकों को बिना रुकावट कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इस नेटवर्क से इस विश्व प्रसिद्ध क्षेत्र में पर्यटन की बड़ी संभावनाएं भी खुलेंगी।
भारती एयरटेल ने इस नए नेटवर्क विस्तार पर कहा, “हमें गर्व है कि हमने मारवाह क्षेत्र में डिजिटल विभाजन को कम करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। यह इलाका लंबे समय से सबसे कठिन प्राकृतिक बाधाओं के कारण अलग-थलग रहा है। उच्चभूमि क्षेत्र और दूरदराज इलाकों में एयरटेल के नेटवर्क का लगातार विस्तार भारत की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक, चाहे वह कितना भी दूर या दुर्गम इलाके में क्यों न रहता हो, कनेक्टिविटी से जुड़ा रहे।"
ऐसे कठिन और दूरदराज इलाकों में एयरटेल के नेटवर्क आने से देश का यह क्षेत्र भी कनेक्टिविटी से जुड़ गया है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 13 March 2026 at 15:17 IST