दिग्गज Tiger Woods को पुलिस ने किया गिरफ्तार, नशे में गाड़ी चलाने का आरोप, जानें कितनी होगी सजा
गोल्फ लीजेंड टाइगर वुड्स को 27 मार्च 2026 को फ्लोरिडा के जुपिटर आइलैंड पर कार दुर्घटना के बाद DUI चार्ज पर गिरफ्तार किया गया। उनकी लैंड रोवर पलट गई, लेकिन कोई चोट नहीं आई।
गोल्फ के सबसे मशहूर और अमीर खिलाड़ियों में से एक टाइगर वुड्स (Tiger Woods) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोल्फ के इस दिग्गज पर अमेरिका के फ्लोरिडा में एक कार दुर्घटना के बाद ड्राइविंग अंडर द इन्फ्लुएंस (DUI) का आरोप है।
यह घटना उनके घर के पास जुपिटर आइलैंड पर हुई, जहां उन्होंने एक ट्रक को ओवरटेक करते समय तेज गति से उसकी पिछली तरफ टक्कर मार दी, जिससे उनकी लैंड रोवर गाड़ी पलट गई। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई थी। मार्टिन काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को वुड्स में नशे या दवा के प्रभाव के लक्षण दिखे। उन्होंने ब्रेथलाइजर टेस्ट पास कर लिया, लेकिन यूरिन टेस्ट देने से इनकार कर दिया।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, मार्टिन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि 15 बार के मेजर चैंपियन टाइगर वुड्स पर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ नशे में गाड़ी चलाने और कानूनी परीक्षण से इनकार करने का आरोप लगाया गया है, ये दोनों ही छोटे अपराध हैं।
8 घंटे रहना होगा जेल
फ्लोरिडा के शराब पीकर गाड़ी चलाने संबंधी कानूनों के तहत, टाइगर वुड्स को स्थानीय जेल में कम से कम 8 घंटे रखा जाएगा, उसके बाद जमानत पर रिहा हो सकते हैं। हादसे के वक्त कार में वुड्स अकेले थे। उनकी गर्लफ्रेंड वैनेसा ट्रंप और उनकी बेटी वहां नहीं थीं।
टाइगर वुड्स का बैकग्राउंड
यह वुड्स का कार से जुड़ा चौथा हादसा है। 2017 में भी उनपर DUI का आरोप लगा था, जो दवाओं की वजह से हुआ था। उस समय उन्होंने रेकलेस ड्राइविंग का दोष स्वीकार किया और सजा पूरी की थी।
वुड्स पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रहे हैं। सितंबर 2025 में उनकी सातवीं पीठ की सर्जरी हुई थी। मार्च 2025 में एचिल्स टेंडन फटने के बाद उन्होंने पूरा सीजन मिस कर दिया। हाल ही में वे टीजीएल गोल्फ लीग में खेल रहे थे। मास्टर्स टूर्नामेंट 9 अप्रैल से शुरू होने वाले हैं और वुड्स अपनी फिटनेस का फैसला करने वाले थे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 28 March 2026 at 08:11 IST