श्रीलंका को लगा झटका, भारत करेगा पहली ICC विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, जानिए इसके पीछे का बड़ा कारण

ICC की तरफ से मंगलवर को एक अच्छी खबर आई है। भारत को पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिल गई है जिसका आयोजन अगले वर्ष 2027 में 14-28 फरवरी के बीच होगा।

icc womens champions 2025 | Image: ICC

ICC की तरफ से मंगलवर को एक अच्छी खबर आई है। भारत को पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिल गई है जिसका आयोजन अगले वर्ष 2027 में 14-28 फरवरी के बीच होगा। हालांकि पहले यह टूर्नामेंट श्रीलंका में होना था लेकिन अंत में इसकी मेजबानी भारत के हाथ लग गई। 

कहां खेले जाएंगे मैच 

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने अपने बयान में बताया है कि यह टूर्नामेंट देश के दो वेन्यू पर खेला जाएगा, जिनमें क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (मुंबई) और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (वडोदरा) शामिल हैं। 

कितनी टीमें खेलेंगी 

आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी में टॉप 6 टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के नाम शामिल हैं। सभी टीमें टूर्नामेंट में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट के तहत आपस में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इनमें से टॉप-2 टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में जाएंगी। ये छह टीमें 6 जुलाई की क्वालिफिकेशन कट-ऑफ तारीख पर आईसीसी विमेंस टी20 टीम रैंकिंग में अपनी पोजीशन के आधार पर चुनी गई हैं। आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मुकाबलों के शेड्यूल पर काम कर रहा है जिसे बाद में जारी किया जाएगा। 

श्रीलंका से क्यों छीना गया टूर्नामेंट 

श्रीलंका का मेजबानी से हटाए जाने का कारण वहां के क्रिकेट बोर्ड में सरकारी दखल को बताया जा रहा है। श्रीलंकाई सरकार ने एक अंतरिम ‘ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी’ बनाई जिससे संवैधानिक और प्रशासनिक बदलाव लाया जा सकें। आईसीसी राजनीतिक दखल को सख्ती से मना करता है और सरकार की ओर से नियुक्त संस्थाओं को मान्यता नहीं देता। इस कारण श्रीलंका से आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी का टूर्नामेंट छीन लिया गया। 

आईसीसी ने यह भी बताया कि भारत को मेजबान के तौर पर चुनने से पहले एक पूरी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका को भी मेजबानी देने पर विचार किया गया था। लेकिन अंत में 2 सितंबर को आईसीसी बोर्ड ने भारत के नाम पर मंजूरी दी। 

इसे भी पढ़ें- एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप जिताया, कभी नहीं सोचा था ऐसा होगा, अंदर से बहुत दुखी हुआ, कप्तानी छीने जाने पर पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव

 

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 2 September 2026 at 23:02 IST