‘थ्रो के बारे में बात न करें’, फेडरेशन कप में गोल्ड जीतने के बाद बोले नीरज चोपड़ा
पेरिस ओलंपिक से पहले फेडरेशन कप में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा अपने थ्रो को लेकर संतुष्ट नहीं दिखे।
- खेल समाचार
- 2 min read
Federation Cup 2024: ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर गोल्ड मेडल जीता है, लेकिन उस तरह से नहीं जैसा वो चाहते थे और उन्हें इसे स्वीकार करने में कोई झिझक भी नहीं थी। 3 साल में पहली बार भारत में प्रतिस्पर्धा करते हुए वर्ल्ड चैंपियन जेवलिन थ्रोअर ने बुधवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में फेडरेशन कप में 82.27 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता।
चोपड़ा ने टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन पर कहा-
मुझे लगा कि मैं यहां प्रतिस्पर्धा कर सकता हूं और ये अच्छी रही, हालांकि थ्रो के बारे में बात नहीं करते, ये वैसा नहीं था जैसा मैं चाहता था।
दोहा डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहने के बाद भारत में स्पर्धा करने वाले 26 वर्षीय नीरज तीन दौर के बाद दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कहा-
प्रतियोगिता काफी अच्छी थी और मौसम भी गर्म था। शुरू से ही मैं सोच रहा था कि अगर मुझे अच्छा लगेगा तो मैं उसी के अनुसार प्रयास करूंगा। मैं दोहा में खेलने के बाद यहां आया था और उबरने के लिए ज्यादा समय नहीं था और यात्रा भी करनी थी और मैं इतना अच्छा भी महसूस नहीं हो रहा था। मैंने इसके अनुसार ही अपने प्रयास किए और केवल चार थ्रो ही किए, क्योंकि मुझे चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक प्रतियोगिता में 28 मई को प्रतिस्पर्धा करनी है। इसके लिए उबरने के लिए लगभग 10 दिन होंगे।
गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने कहा कि वो लंबे समय के बाद इस तरह के मौसम में आए हैं। प्रतियोगिता में जो आनंद आता है, वो नहीं था। उन्हें लग रहा था कि परिस्थितियां उतनी अच्छी नहीं हैं, इसलिए उन्होंने चौथे थ्रो के बाद रुकने का फैसला किया।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 15 May 2024 at 23:30 IST