अपडेटेड 1 January 2026 at 19:31 IST
हरमनप्रीत कौर से लेकर मेसी-रोनाल्डो तक... साल 2026 में कौन-कौन खिलाड़ी ले सकते हैं संन्यास? ये धुरंधर भी क्रिकेट को कह सकता है अलविदा
साल 2026 खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखने के साथ ही कई महान खिलाड़ियों के करियर का अंत भी बन सकता है।
साल 2026 खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखने के साथ ही कई महान खिलाड़ियों के करियर का अंत भी बन सकता है। टेनिस के 'बिग थ्री' के आखिरी स्तंभ नोवाक जोकोविच, फुटबॉल के मैस्सी-रोनाल्डो युग और क्रिकेट के धोनी-हरमनप्रीत जैसे सितारे विदाई ले सकते हैं। युवा सितारों के उभार के बीच ये दिग्गज अपनी विरासत बचाने की जंग लड़ रहे हैं।
टेनिस कोर्ट पर नोवाक जोकोविच अब रिकॉर्ड्स के पीछे नहीं, बल्कि कार्लोस अल्कारेज और जैनिक सिनर जैसे उभरते सितारों से चुनौती का सामना कर रहे हैं। 2026 उनके लिए अंतिम मौका हो सकता है, जब ये दिग्गज खेल को अलविदा कहें। फुटबॉल प्रेमियों के लिए 2026 विश्व कप भावुक होगा। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इसे अपना आखिरी टूर्नामेंट घोषित कर दिया है। लियोनेल मैसी के लिए यह उत्सव जैसा होगा, क्योंकि अर्जेंटीना अब उन पर पूरी तरह निर्भर नहीं रही। दोनों की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता का अंत नजदीक है।
क्रिकेट में इन दिग्गजों के युग का होगा अंत
भारतीय क्रिकेट में एमएस धोनी का आईपीएल करियर 2026 में खत्म हो सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स ने संजू सैमसन को शामिल कर संकेत दिए हैं कि फोकस अब ऋतुराज गायकवाड़ और सैमसन पर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 6 साल पहले ही संन्यास ले चुके धोनी पूरी तरह मैदान छोड़ सकते हैं।
महिला क्रिकेट की कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी 2026 टी20 विश्व कप आखिरी पड़ाव हो सकता है। उनकी आक्रामकता ने महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयां दी हैं। वनडे विश्व कप जीतने वाली हरमन कई पीढ़ियों की प्रेरणा बनेंगी।
बांग्लादेश क्रिकेट को भी लग सकता है झटका
बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का करियर राजनीतिक अस्थिरता के कारण बिना औपचारिक विदाई के समाप्त हो सकता है। देश से दूर रहने वाले शाकिब ने बांग्लादेश को वैश्विक पटल पर प्रतिस्पर्धी बनाया, लेकिन आरोपों ने उनके खेल को प्रभावित किया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 1 January 2026 at 19:31 IST