अपडेटेड 31 March 2025 at 23:03 IST
कौन हैं अश्वनी कुमार? मुंबई इंडियंस की खदान से निकला एक और 'हीरा', IPL डेब्यू पर बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड
अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी की आगे कोलकाता की टीम बेहद लाचार दिखाई दी। उनकी शानदार गेंदबाजी को देखकर हर कोई ये जानने को बेकरार है कि कौन है अश्वनी कुमार?
Who is Ashwani Kumar: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने हीरे की खदान से एक और हीरा ढूंढ निकाला है। पहले विग्नेश पुथुर और अब अश्वनी कुमार। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का डेब्यू कर रहे अश्वनी कुमार ने 4 विकेट चकटाए।
अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी की आगे कोलकाता की टीम बेहद लाचार दिखाई दी। उनकी शानदार गेंदबाजी को देखकर हर कोई ये जानने को बेकरार है कि कौन है अश्वनी कुमार जिसने अपने आईपीएल डेब्यू मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। आइए आपको बताते हैं कौन है अश्वनी कुमार?
आईपीएल डेब्यू में अश्विनी कुमार ने रचा इतिहास
आईपीएल 2025 के 12वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। वानखेडे स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में अश्विनी कुमार ने इतिहास रच डाला। तेज गेंदबाज अश्वनी ने अपने आईपीएल डेब्यू में 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। आईपीएल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी तेज गेंदबाज ने डेब्यू मैच में 4 विकेट चटकाए हों। अश्विनी कुमार ने कोलकाता नाइट राइडर्स के चार खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई जिसमें अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल और मनीष पांडे का नाम रहा।
कौन है अश्वनी कुमार
24 साल के अश्वनी कुमार डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं। इनका जन्म 29 अगस्त, 2001 को मोहाली के छोटे से गांव झांझेरी में हुआ था। अश्वनी बहुत छोटी उम्र से ही क्रिकेट के मैदान पर उतर गए थे। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के दौरान मुंबई इंडियंस ने 30 लाख में इस खिलाड़ी को खरीदा था। इससे पहले ये खिलाड़ी पिछले आईपीएल सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था।
घरेलू क्रिकेट में पंजाब की ओर से खेलते हैं अश्वनी कुमार
घरेलू क्रिकेट में ये खिलाड़ी पंजाब की ओर से खेलता है। शेर-ए-पंजाब टी20 टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रददर्शन से इन्होंने फैंस के दिलों पर राज किया था। अश्विनी ने 2022 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के लिए डेब्यू करते हुए अब तक 4 टी20 मैचों में 3 विकेट हासिल किए थे।
आईपीएल डेब्यू पर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
अश्वनी ने आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर ही विकेट हासिल किया। वह आईपीएल में ऐसा करने वाले कुल 10वें गेंदबाज बने हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर ही विकेट लेने वाले वह कुल तीसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले अल्जारी जोसेफ और अली मुर्तजा ये कारनामा कर चुके हैं।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 31 March 2025 at 23:01 IST