अपडेटेड 7 May 2024 at 10:06 IST
सूर्या का शतक चमकदार, मुंबई इंडियंस करेगी चमत्कार? अब भी प्लेऑफ में पहुंचने का चांस, जानें कैसे
MI vs SRH: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स को 7 विकेट से हरा दिया। सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 51 गेंदों पर 102 रनों की पारी खेली।
Suryakumar Yadav Hundred MI vs SRH: आईपीएल 2024 के 55वें मैच में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूर्या नाम का सितारा चमका और मुंबई को रोशन कर गया। मुश्किल समय पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 51 गेंदों पर 102 रनों की तूफानी पारी खेली।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। दोनों ओपनर ईशान किशन और रोहित शर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गए। भुवनेश्वर कुमार और SRH के कप्तान पैट कमिंस की गेंद लहरा रही थी, बल्लेबाजी करना मुश्किल था। सूर्यकुमार यादव ने शुरुआत में थोड़ा वक्त लिया और फिर मुंबई इंडियंस की किस्मत चमका दी।
सूर्या की चमकदार शतक
आईपीएल 2024 में सूर्यकुमार यादव इस मैच से पहले तक उतना खास कमाल नहीं दिखा सके थे। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की चमक से फैंस का दिल जीत लिया। सूर्या ने 200 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 102 रन बनाए। उन्होंने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और मुंबई इंडियंस को जीत दिलाई। तिलक वर्मा ने भी सूर्यकुमार का भरपूर साथ दिया और 37 रनों की कीमती पारी खेली।
प्लेऑफ में पहुंच सकती है मुंबई इंडियंस?
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतने के बाद मुंबई इंडियंस को पॉइंट्स टेबल पर फायदा हुआ। वो नंबर-10 से एक पायदान ऊपर यानि 9वें स्थान पर आ गए हैं। सूर्यकुमार यादव के करिश्माई शतक से जीतने के बाद उन्होंने प्लेऑफ में पहुंचने के चांस को अभी भी जिंदा रखा है, हालांकि इसके लिए चमत्कार की जरूरत है। अगर मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचना है तो उन्हें अपने बाकी बचे दो मैच जीतने होंगे। अगर ऐसा होता है तो वो 12 अंक तक पहुंच जाएंगे। इसके बाद उन्हें दुआ करनी होगी कि सनराइजर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ और दिल्ली अपने बाकी दोनों मैच हार जाए। हालांकि इसमें भी ट्विस्ट ये है कि एक मैच सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होना है। इसी लिए ये कहना गलत नहीं होगा कि अगर मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंचती है तो ये किसी चमत्कार से कम नहीं होगा।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 7 May 2024 at 07:07 IST