Sanju Samson ने जड़ा IPL 2026 में अपना दूसरा शतक, पांच सेंचुरी लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज, इस मामले में की केएल राहुल की बराबरी
Sanju Samson IPL Century: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ संजू सैमसन ने आईपीएल 2026 का अपना दूसरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह उनके आईपीएल करियर का 5वां शतक है, जिससे उन्होंने केएल राहुल की बराबरी कर ली है।
Sanju Samson IPL Century: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाली भिड़ंत हमेशा से किसी महामुकाबले से कम नहीं होती। आज वानखेड़े स्टेडियम में इस हाई-वोल्टेज मैच में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई के खेमे में ट्रेड होकर आए संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और IPL 2026 का अपना दूसरा शतक जड़ दिया। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई के खिलाफ 207 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
5 शतकीय क्लब में शामिल
अपनी इस 101 रनों की नाबाद पारी के साथ सैमसन ने रिकॉर्ड बुक में कई नए अध्याय जोड़ दिए हैं। वे आईपीएल में अब 5 शतकों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए हैं और इस मामले में उन्होंने केएल राहुल की बराबरी कर ली है। अब उनसे आगे केवल विराट कोहली (8), जोस बटलर (7) और क्रिस गेल (6) ही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसक इस बात से काफी खुश हैं कि सैमसन अब शेन वॉटसन, मुरली विजय और ऋतुराज गायकवाड़ के बाद चेन्नई के लिए एक से ज्यादा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
MI के खिलाफ पहला शतक लगाने वाले CSK प्लेयर
इस शतक ने संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास का खास खिलाड़ी बना दिया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई की तरफ से खेलते हुए किसी भी बल्लेबाज द्वारा यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋतुराज गायकवाड़ के नाम था, जिन्होंने 2021 में मुंबई के खिलाफ 88 रनों की नाबाद पारी खेली थी। सैमसन ने जिस आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की, उससे उन्होंने न केवल खुद को साबित किया, बल्कि मुंबई के घरेलू मैदान पर चेन्नई का पलड़ा भारी कर दिया।
मुंबई के सामने 207 रनों का लक्ष्य
संजू सैमसन की यह शानदार फॉर्म चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह में एक बड़ा हथियार साबित हो सकती है। वानखेड़े की पिच पर जब वे बल्लेबाजी करने उतरे, तो ऐसा लग रहा था कि आज का दिन सिर्फ उन्हीं के नाम है। 54 गेंदों में जड़ा गया यह शतक न केवल उनकी क्लास को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि चेन्नई की जर्सी में वे एक अलग ही लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई के बल्लेबाजों के सामने 207 रनों का लक्ष्य एक बड़ी चुनौती है, जिसे पार करने के लिए उन्हें सैमसन के इस तूफानी खेल का जवाब देना होगा।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 23 April 2026 at 22:04 IST