‘प्लेऑफ के तरफ आगे बढ़े के प्लान बा’, Vaibhav Sooryavanshi की भोजपुरी सुन हो जाएंगे लोटपोट; मैच शुरू होने से पहले करते हैं बच्चों वाली ये हरकत

Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की मैच से पहले कार्टून देखने की आदत अभी भी बरकरार है। उन्होंने भोजपुरी में अपना गेम प्लान बताते हुए कहा कि 'प्लेऑफ के तरफ आगे बढ़े के प्लान बा।'

Follow : Google News Icon  
IPL 2026 Vaibhav Sooryavanshi’s Bhojpuri Charm and Cartoon Habit
IPL 2026 Vaibhav Sooryavanshi’s Bhojpuri Charm and Cartoon Habit | Image: X

Vaibhav Sooryavanshi: क्रिकेट के बड़े मंच पर अक्सर उम्र और अनुभव को सफलता की एकमात्र कसौटी माना जाता है, लेकिन 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने IPL में इस धारणा को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करने वाले वैभव का खेल जितना परिपक्व और आक्रामक दिखता है, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही सरल और बालसुलभ है। 

बड़े-बड़े गेंदबाजों की धुनाई करने वाले वैभव से जब उनके उम्र में बच्चों के कार्टून देखने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह आज भी मैच शुरू होने से पहले कार्टून देखना नहीं भूलते। वैभव खुद कहते हैं कि उनके दिमाग में कुछ और नहीं चलता, बस खेल पर फोकस रहता है और कार्टून देखने की आदत अभी भी बरकरार है। उनकी यही सादगी और दबावमुक्त रहने की क्षमता उनके प्रदर्शन में साफ झलकती है।

‘आगे बढ़े के प्लान बा’: वैभव 

मैच के बाद वैभव से जब उनके टीम की रणनीति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़े ही ठेठ भोजपुरी अंदाज में कहा, 'प्लेऑफ के तरफ आगे बढ़े के प्लान बा।' उनकी यह बातें न केवल फैंस को लोटपोट कर देती हैं, बल्कि यह भी दर्शाती हैं कि इतनी कम उम्र में भी उनकी सोच कितनी स्पष्ट और टीम-ओरिएंटेड है। वे व्यक्तिगत कीर्तिमानों से कहीं ज्यादा राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाने और प्लेऑफ का सफर तय करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। 

10 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ में आगे 

बता दें, राजस्थान रॉयल्स की टीम इस समय सात मैचों में 10 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ में बेहद मजबूत स्थिति में है। टीम की धुरी बने वैभव सूर्यवंशी न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं, बल्कि अपने खेल के जरिए यह भी बता रहे हैं कि सफलता के साथ सादगी कैसे बनाए रखी जाती है। अगर उनका बल्ला आने वाले मैचों में भी इसी तरह आग उगलता रहा, तो यह सीजन न केवल वैभव के करियर का, बल्कि राजस्थान रॉयल्स के इतिहास का भी सबसे यादगार साल बन सकता है। 

Advertisement

सबसे कम उम्र में 500 रन का रिकॉर्ड 

बता दें, वैभव के आंकड़े किसी दिग्गज खिलाड़ी से कम नहीं हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस 'बेबी बॉस' ने IPL 2026 में अब तक 7 मैचों में 254 रन बनाए हैं और टीम को हर मैच में एक ठोस शुरुआत दी है। उन्होंने सबसे कम उम्र (15 साल 26 दिन) में 500 रन पूरे करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया है, साथ ही महज 227 गेंदों में ऐसा करके उन्होंने सबसे तेज 500 रन बनाने का कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया। 

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पृथ्वी शॉ और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। शुरुआत के ओवरों में पावर हिटिंग करने की उनकी क्षमता विपक्षी टीमों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन चुकी है।

Advertisement

ये भी पढ़ें:  IPL 2026: CSK के स्टार प्लेयर पर टूटा दुखों का पहाड़, मैच से पहले बुरी खबर; मां का हुआ निधन

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड