अपडेटेड 4 April 2024 at 10:07 IST
हार्दिक पांड्या नहीं रोहित शर्मा करेंगे मुंबई इंडियंस की कप्तानी? पूर्व क्रिकेटर ने किया बड़ा दावा
Rohit Sharma News: पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी की मानें तो मुंबई इंडियंस अब रोहित शर्मा को कप्तान बना सकती है। उन्होंने इसके पीछे की बड़ी वजह बताई है।
Rohit Sharma News: आईपीएल (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) फिलहाल संकट में नजर आ रही है। उनके लिए कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है। नए कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को फैंस स्वीकारने के लिए तैयार नहीं और उनके अंदर टीम अभी तक एक भी मैच जीती भी नहीं है। आईपीएल 2024 (IPL 2024) में लगातार तीन मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस को अगले मुकाबले से पहले थोड़ा ब्रेक मिला है। MI का अगला मैच 7 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ खेलेगी।
मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में अभी तक 3 मैच खेली है। पहले मुकाबले में उन्हें गुजरात टाइटंस ने 6 रनों से हराया, दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने रनों का पहाड़ खड़ा कर मुंबई को रौंदा और तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें पीटा। लगातार तीन हार के बाद दबाव का सामना कर रहे कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने बड़ी बात बोल दी है।
रोहित शर्मा बनेंगे मुंबई इंडियंस के कप्तान?
बंगाल के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने क्रिकबज पर मुंबई इंडियंस टीम का विश्लेषण करते हुए कहा कि मुझे हैरानी नहीं होगी कि बीच टूर्नामेंट में एक बार फिर मुंबई इंडियंस फ्रेंचाईजी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को टीम की कमान सौंप देगी।
मनोज तिवारी ने क्रिकबज पर कहा, ''मुंबई इंडियंस की कप्तानी फिर से रोहित शर्मा को सौंपी जा सकती है। मैं जो समझता हूं वह यह है कि मुंबई इंडियंस के मालिक निर्णय लेने में संकोच नहीं करते हैं। उन्होंने रोहित से कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को देने का फैसला किया, जबकि रोहित ने उनके लिए पांच आईपीएल खिताब जिताए थे।''
मनोज तिवारी ने अपनी बातों को समझाते हुए कहा कि कप्तान बदलने का फैसला बड़ा निर्णय होगा। अभी तक पॉइंट्स टेबल पर उनका खाता नहीं खुला है। ऊपर से कप्तानी भी अच्छी नहीं हो रही। कई मौकों पर हार्दिक ने अपने फैसले से निराश किया है।
पॉइंट्स टेबल पर सबसे नीचे मुंबई इंडियंस
पांच बार आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस इस सीजन एक जीत के लिए तरस रही है। अब तक हुए तीनों मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पॉइंट्स टेबल पर हार्दिक की टीम 10वें स्थान पर है। अगर प्लेऑफ की रेस में बने रहना है तो उन्हें किसी तरह जीत के रथ पर सवार होना पड़ेगा।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 4 April 2024 at 10:07 IST