IPL 2024: चला पंत का बल्ला तो मच गया हल्ला, सबसे खतरनाक बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी रह गए पीछे
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने एक ही पारी के साथ IPL में कोहराम मचा दिया है। पंत ने बल्ले के साथ ऐसा विस्फोट किया है कि ट्रेविस हेड को पछाड़ डाला है।
- खेल समाचार
- 3 min read
IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में रनों की ऐसी बौछार हो रही है कि थमते नहीं थम रही है। छक्कों की बरसात रुकने का नाम नहीं ले रही है और रिकॉर्ड्स की झड़ी लग रही है। एमएस धोनी से लेकर ट्रेविस हेड (Travis Head) तक, कई बल्लेबाज जमकर धमाका कर रहे हैं, लेकिन अब ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का बल्ला चला है और हल्ला मच गया है।
पंत ने बल्ले के साथ ऐसा कोहराम मचाया है कि IPL के मौजूदा सीजन के सबसे खतरनाक बल्लेबाज ट्रेविस हेड पीछे रह गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्ले के साथ ऐसी आतिशबाजी की कि हेड को पछाड़ दिया। वो हेड जो अब तक टूर्नामेंट में गेंदबाजों के लिए सबसे खतरनाक साबित हुए हैं, लेकिन पंत ने होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम पर ऐसी तूफानी पारी खेली की कि ट्रेविस हेड को ओवरटेक कर लिया।
पंत ने ट्रेविस हेड को पछाड़ा
भारतीय स्टार विकेटरीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दरअसल छक्कों के मामले में ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ दिया है। पंत ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ बुधवार को 43 गेंदों पर 5 चौकों और 8 छक्कों के दम पर 204 के घातक स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए। पंत ने इस एक दमदार पारी के दम पर ट्रेविस हेड को पछाड़ा है। बता दें कि पंत ने IPL 2024 सीजन में 21 छक्के लगा दिए हैं, जबकि ट्रेविस हेड के नाम इस वक्त 18 छक्के हैं, हालांकि हेड ने पंत के मुकाबले कम मैच खेले हैं। ऋषभ पंत ने जहां 9 तो वहीं ट्रेविस हेड ने 6 मैच खेले हैं।
पंत ओवरऑल सबसे ज्यादा छक्कों के मामले में पांचवें नंबर पर हैं। पहले पर सनराइजर्स हैदराबाद के ही हेनरिक क्लासेन मौजूद हैं, जिन्होंने 7 मैचों में सर्वाधिक 26 छक्के लगाए हैं। क्लासेन और हेड के ही टीममेट अभिषेक शर्मा 24 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के बिग हिटर शिवम दुबे 22 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन के नाम भी 22 छक्के हैं, लेकिन उनके रन कम होने की वजह से वो चौथे नंबर पर हैं।
ऑरेंज कैप की रेस में आए पंत
इसके अलावा ऋषभ पंत ऑरेंज कैप की रेस में भी आ गए हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 88 रन की धुआंधार पारी के बाद पंत ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। IPL 2024 सीजन में अब तक सबसे ज्याद रन बनाने वालों की लिस्ट में भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली सबसे ऊपर हैं। कोहली ने 8 मैचों में 150.40 के स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप उनके पास है, लेकिन अब ऋषभ पंत इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। पंत के 9 मैचों में 342 रन हो गए हैं और पंत अब कोहली से सिर्फ 37 रन दूर हैं।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 25 April 2024 at 16:39 IST