IPL 2026: संजू सैमसन के जाने के बाद क्या रविन्द्र जडेजा बनेंगे राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान? इस पूर्व खिलाड़ी ने की भविष्यवाणी
IPL 2026: रविन्द्र जडेजा इस साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में कई लोग कयास लगा रहे हैं कि अब संजू सैमसन की जगह जडेजा कप्तानी कर सकते हैं।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का इंतजार सभी क्रिकेट फैंस को रहता है। वैसे तो IPL खिलाड़ियों की नीलामी में अभी समय है, लेकिन उससे पहले ही ट्रेड में कई फ्रेंचाइजियों ने खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। इस साल के आईपीएल ट्रेड में सबसे अधिक दो खिलाड़ियों का नाम चर्चा में रहा है। पहला-संजू सैमसन और दूसरा रविन्द्र जडेजा।
संजू सैमसन पहले राजस्थान के लिए बतौर कप्तान के रूप में खेलते थे, लेकिन इस साल से वो चेन्नई के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। वहीं, रविन्द्र जडेजा पहले चेन्नई के साथ थे, लेकिन नए ट्रेड के बाद अब वो राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में अब कयास लगाया जा रहा है कि राजस्थान से संजू के जाने के बाद रविन्द्र जडेजा राजस्थान की कमान संभाल सकते हैं। रविन्द्र जडेजा की कप्तानी पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने क्या जवाब दिया आइए जानते हैं।
राजस्थान के साथ खेलेंगे रविन्द्र जडेजा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रविन्द्र जडेजा ने पहला सीजन राजस्थान के लिए ही खेला था और खिताब भी अपने नाम किया था, ऐसे में एक तरह से उनकी घर वापसी हो गई है। ट्रेड में राजस्थान ने रविन्द्र जडेजा को 14 करोड़ में लिया है, वहीं चेन्नई उन्हें 18 करोड़ दे रही थी। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि कम पैसे लेने की वजह के पीछे राजस्थान की कप्तानी है।
संजू सैमसन चेन्नई में शामिल
राजस्थान के पूर्व कप्तान संजू सैमसन इस साल से चेन्नई सुपर किंग के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। संजू साल 2013 से राजस्थान के साथ जुड़े थे, लेकिन बीच में राजस्थान पर बैन लगने के बाद दिल्ली के साथ खेलने लगे। जब बैन हटा तो फिर से राजस्थान के साथ जुड़ गए। नए ट्रेड के अनुसार चेन्नई उन्हें 18 करोड़ रुपये देगी।
जडेजा की कप्तानी पर मोहम्मद कैफ की भविष्यवाणी
रविन्द्र जडेजा जब से राजस्थान के साथ जुड़े हैं, तब से यह कयास लगाया जा रहा है कि वो राजस्थान की कमान संभाल सकते हैं। जडेजा की कप्तानी को लेकर मोहम्मद कैफ का मानना है कि वो आईपीएल 2026 में राजस्थान की कप्तानी नहीं करेंगे। उन्होंने नए कप्तान के रूप में रियान पराग का समर्थन किया। हालांकि, आईपीएल शुरू होते ही यह मालूम चल ही जाएगा कि राजस्थान की कप्तानी कौन कर रहा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 22 November 2025 at 20:45 IST