IPL में वापसी करते ही ऋषभ पंत ने लगाई सेंचुरी, सहवाग-धवन जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए ये कारनामा
भीषण सड़क हादसे के बाद ठीक होकर IPL वापसी करने वाले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने खास उपलब्धि हासिल की है।
- खेल समाचार
- 2 min read
IPL 2024: खतरनाक सड़क हादसे के चलते करीब 15 महीने बाद वापसी कर रहे भारतीय स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत ने एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। IPL में वापसी करते ही पंत ने सेंचुरी लगा दी है और इसके साथ वीरेंद्र सहवाग और शिखर धवन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ दिया है।
दिल्ली के लिए खेल रहे 100वां IPL मैच
ऋषभ पंत की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स आज गुरुवार, 28 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ IPL 2024 सीजन का अपना दूसरा मैच खेल रही है। IPL 2024 में बतौर कप्तान वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इस मैच में एक शानदार कीर्तिमान हासिल किया है, जो पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और शिखर धवन तक नहीं कर पाए हैं। दरअसल पंत आज दिल्ली कैपिटल्स के लिए 100वां IPL मैच खेल रहे हैं और वो ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
एक साल के गैप के बाद हासिल की उपलब्धि
26 साल के पंत साल 2022 में भीषण सड़क हादसे में बुरी तरह चोटिल हो गए थे। उनका इतना खतरनाक एक्सीडेंट हुआ था कि उनकी जान बाल-बाल बची थी। इस हादसे के बाद पंत को ठीक होने में करीब 15 महीने का लंबा वक्त लगा। इस कारण उन्हें IPL 2023 सीजन से भी बाहर रहना पड़ा, लेकिन अब वापसी करते हुए पंत ने ये शानदार उपलब्धि हासिल की है। बता दें कि पंत से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा IPL मैच खेलने का रिकॉर्ड अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा के नाम है। फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा अमित मिश्रा ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 99वें मैच खेले हैं। वहीं श्रेयस अय्यर ने 87, डेविड वॉर्नर ने 82, सहवाग ने 79 और शिखर धवन ने 63 मैच खेले हैं।
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स अब तक एक भी IPL खिताब नहीं जीत पाई है और इस बार पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स से सबको बहुत उम्मीदें हैं।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 28 March 2024 at 19:34 IST