दिल्ली के प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ने के बावजूद पोंटिंग ने क्यों कहा? मैं गारंटी देता हूं कि…

दिल्ली कैपिटल्स IPL 2024 सीजन में प्लेऑफ की रेस में काफी पीछे है, लेकिन बावजूद इसके दिल्ली के हेड कोच रिकी पोंटिंग फुल कॉन्फिडेंट हैं।

IPL प्लेऑफ सेनेरियो पर दिल्ली कैपिटल्स हेड कोच पोंटिंग का बयान | Image: Delhicapitals

IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के सामने प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी बचे तीनों मैचों को जीतने की मुश्किल चुनौती है, लेकिन हेड कोच रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) को भरोसा है कि अगर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अगुवाई में टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रही तो उसे हराना मुश्किल होगा।

दिल्ली ने मौजूदा IPL सीजन मिला-जुला प्रदर्शन किया है। टीम के नाम 11 मैचों में 5 जीत और 6 हार है। पोंटिंग ने दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा- 

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ पिछले मैच में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। अब हम घर वापस आ गए हैं। हमने यहां अपने तीन में से दो मैच जीते हैं। हम जानते हैं हमारे सामने मजबूत राजस्थान टीम की चुनौती है। हमने टूर्नामेंट में अब तक देखा है अगर हम 40 ओवरों तक अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलते हैं तो मैं गारंटी देता हूं कि हमें हराना मुश्किल होगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम किसके खिलाफ या कहां खेल रहे हैं। हम जानते हैं कि हम किसी को भी हरा सकते हैं।

उन्होंने कहा- 

हम चीजों (प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की संभावना) पर नजर रख रहे हैं। हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां हमें क्वालीफाई करने के लिए अपने आखिरी तीन मैच जीतने होंगे। हमारी शुरुआत धीमी रही, लेकिन खिलाड़ियों ने पिछले 6-7 मैचों में जो किया है उस पर हमें गर्व है। 

पोंटिंग ने अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और डेविड वार्नर की फिटनेस स्थिति के बारे में भी जानकारी दी और पुष्टि की कि ईशांत शर्मा मंगलवार को चयन के लिए फिट हैं। उन्होंने कहा- 

उन दोनों ने कल अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था। ईशांत ने पिछले पांच दिनों में से तीन दिनों तक अभ्यास किया। वो चयन के लिए फिट हैं। वार्नर ने भी कल नेट सत्र के दौरान 20 मिनट तक बल्लेबाजी की थी। वह अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं, लेकिन पहले की तुलना में बहुत बेहतर है। 

बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स इस समय 10 अंकों के साथ प्वॉइंट्स टेबल पर छठे नंबर पर है। उसे तीन और लीग मैच खेलने हैं, जिसमें से 2 उसके होम ग्राउंड पर होंगे। 

ये भी पढ़ें- MI vs SRH: फुल पैसा वसूल…अब बल्ले से कहर बरपा रहे Pat Cummins, मुंबई के खिलाफ धागा खोल बैटिंग

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 6 May 2024 at 22:32 IST