IPL 2024: निर्णायक मोड़ पर दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका, कप्तान ऋषभ पंत पर लगा बैन

IPL प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने के लिए जद्दोजहद कर रही दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पर BCCI ने बैन लगा दिया है।

Follow :  
×

Share


ऋषभ पंत पर लगा एक मैच का बैन | Image: IPL

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मौजूदा सीजन अब आखिरी चरण की ओर है। इस निर्णायक मोड़ के बीच दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। दरअसल दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ी कार्रवाई की है। पंत पर एक मैच का बैन लग गया है। 

चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ के लिए जद्दोजहद कर रही है और इस अहम मौके पर दिल्ली की टीम के लिए बुरी खबर आई है। कप्तान ऋषभ पंत पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच मेंIPL की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए एक मैच का प्रतिबंध लग गया है। वो अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे और ये दिल्ली के लिए बहुत बड़ा झटका है।  

बैन के साथ BCCI ने जुर्माना भी लगाया

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर सिर्फ बैन ही नहीं, बल्कि जुर्माना भी लगा है। दरअसल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में ऋषभ पंत की टीम स्लो ओवर रेट का उल्लंघन करती हुई पाई गई है। IPL की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स इस मैच में आखिरी ओवर की शुरुआत के वक्त 10 मिनट पीछे थी, जो IPL की आचार संहिता का उल्लंघन है। इसको देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर एक मैच का बैन और 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। 

पंत को बैन क्यों किया गया? 

दरअसल ऋषभ पंत पर एक मैच का बैन और भारी जुर्माना इसलिए लगाया गया है, क्योंकि इस सीजन ये तीसरी बार है, जब दिल्ली कैपिटल्स स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई है। दिल्ली कैपिटल्स के बाकी खिलाड़ियों, जिसमें इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट भी शामिल है- पर 12 लाख रुपए या उसकी जो भी मैच फीस हो, उसका का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। 

दिल्ली कैपिटल्स ने मैच रेफरी के इस फैसले को चुनौती देते हुए एक अपील दायर की, जिसे समीक्षा के लिए BCCI के प्रशासनिक अधिकारी के पास भेजा गया। उनकी ओर से वर्चुअल रूप से सुनवाई की गई और कहा कि मैच रेफरी का फैसला अंतिम और बाध्यकारी है, जिसे टीम को मानना पड़ेगा। यानि अब ऋषभ पंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बेंगलुरु में 12 मई, रविवार को होने वाले 'करो या मरो' मुकाबले में नहीं खेलेंगे। पंत की गैर मौजूदगी में दिल्ली की कप्तानी कौन करता है? ये देखना होगा।

ये भी पढ़ें- IPL 2024: गुजरात से हारी CSK, प्लेऑफ की रेस में बरकरार; GT की कितनी उम्मीदें

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 11 May 2024 at 15:37 IST