WTC Points Table: बांग्लादेश से हारकर 8वें नंबर पर खिसका पाकिस्तान, क्या भारत का हुआ नुकसान?

WTC Points Table: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे एडिशन का फाइनल मैच 2025 में इंग्लैंड में खेला जाएगा। पॉइंट्स टेबल पर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।

Updated WTC Points Table after Pakistan's loss to Bangladesh. | Image: AP

WTC Points Table: बांग्लादेश के खिलाफ घर में शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ताजा पॉइंट्स टेबल के मुताबिक 9 टीमों की अंकतालिका में पाकिस्तान 8वें नंबर पर खिसक गया है। रावलपिंडी में 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश टीम को जबरदस्त फायदा पहुंचा और वो छठे स्थान पर पहुंच गई है।

बांग्लादेश ने इस एडिशन में अब तक 5 मैच खेले हैं, जिनमें से 2 में उन्हें जीत मिली है जबकि 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं श्रीलंका के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए टेस्ट को जीतने के बावजूद इंग्लैंड को कुछ खास फायदा नहीं हुआ है और वो अभी भी टॉप-3 टीमों से बाहर हैं।

WTC पॉइंट्स टेबल में उथल-पुथल

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे एडिशन का फाइनल मैच 2025 में इंग्लैंड में खेला जाएगा। पॉइंट्स टेबल पर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा। अगले साल होने वाले मेगा इवेंट के लिए सभी टीमें पूरी ताकत लगा रही है। इस बीच पाकिस्तान को उनके घर पर ही बड़ा झटका लगा है। रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश की टीम पाक पर हावी दिखी। दो मैचों की सीरीज में उन्होंने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और इसके साथ ही पॉइंट्स टेबल पर खुद छठा स्थान हासिल कर पाकिस्तान को 8वें नंबर पर धकेल दिया।

भारत का दबदबा कायम

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अभी तक दो एडिशन हुए हैं और दोनों में भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया है। तीसरे सेशन में भी रोहित शर्मा की टीम का दबदबा कायम है। WTC की ताजा रैंकिंग के अनुसार भारत इस समय शिखर पर है। पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की जीत से भारत को नुकसान नहीं पहुंचा है। टीम इंडिया ने अभी तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें से 6 में जीत मिली है और 2 में हार का सामना करना पड़ा है।

बाकी टीमों का हाल

WTC पॉइंट्स टेबल की बात करें तो 68.52 अंक के साथ भारत टॉप पर है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है। पिछले बार की विजेता टीम न्यूजीलैंड 50 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड चौथे, श्रीलंका 5वें, बांग्लादेश छठे, साउथ अफ्रीका 7वें, पाकिस्तान 8वें और वेस्टइंडीज 9वें नंबर पर है। 

इसे भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के साथ हुआ T20 WC फाइनल वाला खेल! हाथ में था मैच फिर वेस्टइंडीज ने कैसे मारी बाजी?

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 26 August 2024 at 11:00 IST