साउथ अफ्रीका के साथ हुआ T20 WC फाइनल वाला खेल! हाथ में था मैच फिर वेस्टइंडीज ने कैसे मारी बाजी?
WI vs SA T20 Highlights: वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को दूसरे टी20 मैच में 30 रनों से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया।
- खेल समाचार
- 2 min read

WI vs SA 2nd T20: वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को दूसरे टी20 मैच में 30 रनों से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक समय पर साउथ अफ्रीकी टीम जीत की तरफ तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन फिर उनकी पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। उन्होंने महज 20 रन पर 7 विकेट खो दिए और वेस्टइंडीज ने हारी हुई बाजी जीतकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी देखकर एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल की यादें ताजा हो गई। बारबाडोस में भारत के खिलाफ मुकाबले में भी एक समय पर प्रोटियाज टीम आगे थी और मैच उनके हाथ में था। हालांकि, आखिरी 30 गेंदों में उनकी पारी पटरी से उतर गई और रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका ने एक बार फिर वही कहानी दोहराई और जीती हुई बाजी हार गए।
वेस्टइंडीज ने कैसे मारी बाजी?
त्रिनिदाद में खेले गए टी20 मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने स्कोरबोर्ड पर 179 रन टांग दिए। शाई होप ने 22 गेंदों पर 41 और कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 22 गेंदों पर 35 रनों की कीमती पारी खेली। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत धमाकेदार हुई। पावरप्ले में उन्होंने दो विकेट खोकर 71 रन बना दिए। ऐसा लगा कि यहां से मैच साउथ अफ्रीका के कंट्रोल में है, लेकिन फिर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने वापसी की।
20 रन पर खो दिए 7 विकेट
Advertisement
साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर 129 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने महज 20 रन के अंदर 7 विकेट गंवा दिए और वेस्टइंडीज ने ये मुकाबला 30 रनों से जीत लिया। वेस्टइंडीज की तरफ से लिजार्ड विलियम्स ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए। बता दें कि 3 मैचों की सीरीज में मेजबान टीम 2-0 से आगे है। आखिरी मुकाबला बुधवार, 28 अगस्त को त्रिनिदाद में ही खेला जाएगा।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान टीम में तकरार! कप्तान शान मसूद ने कंधे पर रखा हाथ तो अफरीदी ने किया कुछ ऐसा, मचा बवाल