अपडेटेड 3 August 2025 at 18:36 IST
धोनी IPL में फिर खेलेंगे या अब कहानी खत्म? जानिए 'थाला' ने ऐसा क्या कहा, जिसे जानकर खुश हो जाएंगे फैंस
धोनी ने इस सीजन में 14 मैच खेले, लेकिन सिर्फ 196 रन बने। टीम का मिडिल ऑर्डर भी लड़खड़ाया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2025 में ऐसा खेल दिखाया, जिसे उनके फैंस जल्द ही भूल जाना चाहेंगे। टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे आखिरी नंबर पर रही, और मैदान पर न तो पुराना जोश दिखा, न उम्मीद के मुताबिक नतीजे आए। इस बार महेंद्र सिंह धोनी का बल्ला भी खामोश रहा।
धोनी ने इस सीजन में 14 मैच खेले, लेकिन सिर्फ 196 रन बने। टीम का मिडिल ऑर्डर भी लड़खड़ाया और ऊपर से ऋतुराज गायकवाड़ का चोटिल होना टीम के लिए तगड़ा झटका साबित हुआ।
रिटायरमेंट पर फिर से चर्चा
ऐसे प्रदर्शन के बाद सवाल उठने लगे कि क्या ये माही का आखिरी IPL था? क्या अब रिटायरमेंट का वक्त आ गया है? लेकिन, चेन्नई में एक इवेंट के दौरान खुद धोनी ने जो कहा, वो सुनकर सब चौंक गए।
जब धोनी से IPL 2026 में खेलने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अगले पांच साल तक खेलने की इजाजत मिल गई है, लेकिन ये इजाजत सिर्फ आंखों के लिए मिली है, शरीर के लिए नहीं। धोनी का ये जवाब सीधा-सीधा था कि वो फिट रहेंगे तो जरूर खेलेंगे, लेकिन अगर शरीर ने साथ नहीं दिया तो फैसला खुद ही ले लेंगे। इसका मतलब है कि वो IPL 2026 का हिस्सा होंगे या नहीं, ये अभी भी पक्का नहीं है।
धोनी ने चेन्नई से अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने याद दिलाया कि 2005 में अपना पहला टेस्ट मैच भी उन्होंने यहीं खेला था। IPL से पहले भी उनका इस शहर से रिश्ता था, और CSK के साथ जुड़ने के बाद तो ये और गहरा हो गया।
CSK के लिए जो अच्छा है, वो मेरे लिए भी अच्छा है
धोनी ने कहा कि चेन्नई ने उन्हें एक बेहतर इंसान और बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की। IPL के दौरान जब वो यहां 40-50 दिन बिताते हैं, तो लगता है जैसे घर में हों। यही वजह है कि टीम का प्रदर्शन उनके लिए सिर्फ एक टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं, बल्कि निजी मामला बन जाता है।
धोनी ने इशारा किया कि अगले सीजन में अगर ऋतुराज फिट होकर लौटते हैं, तो शायद कप्तानी भी उन्हीं को मिल जाए। इस सीजन में उनकी गैरमौजूदगी से बल्लेबाजी लाइन-अप गड़बड़ा गई थी। उम्मीद है, अगले साल वो फ्रंटफुट पर दिखेंगे।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 3 August 2025 at 18:36 IST